Breaking

revanchal times new

चकोर नदी के पास युवक की मौत, करंट लगने की आशंका

 चकोर नदी के पास युवक की मौत, करंट लगने की आशंका



खेत में नहीं था मृतक का कोई संबंध, घटनास्थल पर मिली बिजली की ग्रिप; पुलिस जांच में जुटी


दैनिक रेवांचल टाइम्स | मंडला

नैनपुर। नगर के वार्ड क्रमांक 15 दलदली सड़क मार्ग पर चकोर नदी के किनारे 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान किशन नंदा पिता पवन नंदा, निवासी वार्ड क्रमांक 15 के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की मौत करंट लगने से होना बताया जा रहा है। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

घटनास्थल पर बिजली की ग्रिप भी मिली है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि युवक नदी किनारे कैसे पहुंचा, जबकि वहां उसकी कोई कृषि भूमि भी नहीं है। घटना रात की है या अलसुबह की, इसकी भी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

परिजनों के अनुसार किशन रात तक घर पर ही था। ऐसे में वह घटनास्थल तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच का विषय है।


पुराने हत्या प्रकरण से भी जुड़ा रहा है नाम


सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ वर्ष पूर्व कनोजिया टोला-बालाघाट सड़क मार्ग पर सिविल अस्पताल नैनपुर के सामने मैदान में पवन उइके की हत्या हुई थी। इस मामले में किशन नंदा भी आरोपी रहा था। हालांकि, इस पुराने प्रकरण का वर्तमान घटना से कोई संबंध है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है।

वही सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नैनपुर भेजने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस विवेचना के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new