Breaking

revanchal times new

प्रकृति संरक्षण और ग्रामीण विकास के संकल्प के साथ संपन्न हुई जन अभियान परिषद की बैठक






रेवांचल टाइम्स मवई मंडला मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, मध्यप्रदेश शासन) की संवाद योजना अंतर्गत प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम के तहत विकासखंड स्तरीय मासिक बैठक का आयोजन विकासखंड मवई में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों, सीएमसीएलडीपी एवं परामर्शदाताओं ने सहभागिता करते हुए ग्रामीण विकास, कृषि उन्नयन और प्रकृति संरक्षण से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन-अर्चन के साथ किया गया। बैठक के प्रथम सत्र में जन अभियान परिषद की ब्लॉक समन्वयक श्रीमती कीर्ति कुरील एवं विकासखंड कृषि विस्तार अधिकारी सुश्री रोशनी उपस्थित रहीं। इस दौरान कृषि विस्तार अधिकारी ने किसानों को कृषि क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं, आधुनिक कृषि पद्धतियों तथा खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कृषि से संबंधित उपयोगी जानकारियां साझा करते हुए किसानों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

द्वितीय सत्र में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक सुशील बर्मन का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इस अवसर पर जनपद सदस्य संजू बोरिया एवं सरपंच संजय भलावी भी उपस्थित रहे। जिला समन्वयक ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह हम सभी का सौभाग्य है कि मां नर्मदा की पावन गोद के किनारे रहने का अवसर मिला है। ऐसे में प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जल संरक्षण, बोरी बंधान तथा प्रस्फुटन समितियों के माध्यम से गांवों में किए जा रहे सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने समितियों से ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी बढ़ाकर विकास और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

ब्लॉक समन्वयक कीर्ति कुरील ने जन अभियान परिषद की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए उपस्थित सदस्यों को संगठनात्मक कार्यों के प्रति जागरूक किया। वहीं मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के संबंध में परामर्शदाता इंद्रेश कुमार साकत ने विस्तार से जानकारी दी।

समापन सत्र में मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के ब्लॉक प्रबंधक राकेश जघेला एवं एसआईएस सिक्योरिटी कंपनी से लक्ष्मी नारायण यादव ने उपस्थित प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन नवांकुर समिति अध्यक्ष रतन पड़वार ने किया। बैठक में विकासखंड की सभी पांच नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों, सीएमसीएलडीपी एवं परामर्शदाताओं की सहभागिता रही। अंत में ब्लॉक समन्वयक कीर्ति कुरील द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new