*मंडला-महाराजपुर के बीच एकल मार्ग वाला बड़ा पुल बना यातायात की परेशानी का कारण, लंबे समय से उठ रही केबल ब्रिज निर्माण की मांग।*
दैनिक रेवांचल टाइम्स - मंडला। मंडला शहर के महाराजपुर क्षेत्र को जोड़ने वाला बड़ा पुल आज यातायात की एक बड़ी समस्या बनता जा रहा है। पुल पर एकल मार्ग होने के कारण दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान पुल पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है, जिसका असर शहर के अंदरूनी मार्गों पर भी दिखाई देता है।
स्थानीय स्तर पर लंबे समय से इस समस्या के स्थायी समाधान के रूप में आधुनिक केबल ब्रिज के निर्माण की मांग उठाई जा रही है। लेकिन सवाल यह है कि शासन, प्रशासन और
*जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या पर कब ध्यान देंगे?*
मंडला जैसे महत्वपूर्ण जिला मुख्यालय में यातायात व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुसार विकसित करना आवश्यक है। शहर की आबादी, वाहनों की संख्या और आवागमन की जरूरतें लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में केवल मौजूदा पुल पर निर्भर रहना आने वाले समय में और बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है।
*क्या किसी बड़े हादसे के बाद जागेगा प्रशासन?*
क्या शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधि किसी अप्रिय घटना का इंतजार कर रहे हैं? क्या समय रहते नए पुल की आवश्यकता पर गंभीरता से विचार नहीं किया जा सकता?
जनता की मांग है कि मंडला-महाराजपुर के बड़े पुल की यातायात क्षमता का तकनीकी सर्वे कराया जाए और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए केबल ब्रिज अथवा वैकल्पिक चौड़े पुल के निर्माण की ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।
मंडला को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था चाहिए। यह केवल पुल निर्माण का विषय नहीं, बल्कि शहर के भविष्य और आम नागरिकों की सुरक्षा का सवाल है।
.jpg)