रेवांचल टाइम्सछिंदवाड़ा|शहर के कोतवाली और देहात थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम देकर एक साल से फरार चल रहे शातिर आरोपी हिमांशु उर्फ 'चीटा' को देहात पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चोरी की घटना के बाद से सिंगरौली जिले में छिपा हुआ था। वहीं, वारदात में शामिल उसका साथी अक्षय यादव पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
क्या था पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर 2025 को पीड़िता चांदनी बंदेवार उम्र 34 वर्ष, निवासी लालबाग ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 सितंबर 2025 को उन्होंने अपनी स्कूटी क्रमांक MP-28-ZF-2473 काराबोह स्थित अभिषेक चौकसे के घर के सामने खड़ी की थी। स्कूटी की डिक्की में 85,000 रुपये नगद और सोने के मंगलसूत्र की गुरिया रखी हुई थी, जिसे अज्ञात चोरों ने पार कर दिया। चश्मदीद प्रिंस परतेती की जानकारी के आधार पर पीड़िता ने हिमांशु उर्फ चीटा और अक्षय यादव पर संदेह जताया था, जिसके बाद देहात थाना पुलिस ने धारा 303(1) BNS के तहत अपराध क्रमांक 463/2025 कायम कर विवेचना शुरू की।
मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी
घटना के बाद से ही दोनों आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर थे। 2 सितंबर 2026 को देहात थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी हिमांशु उर्फ चीटा SLR स्कूल के पास अपने एक दोस्त के किराये के मकान में रुका हुआ है और शहर से भागने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, उड़ा दिए 35 हजार रुपये
पुलिस द्वारा की गई कड़ाई से पूछताछ में आरोपी हिमांशु ने अपने साथी अक्षय यादव के साथ मिलकर स्कूटी की डिक्की से नगदी और सोने के जेवर चुराने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने अपने हिस्से में आए 35,000 रुपये खाने-पीने और मौज-मस्ती में उड़ा दिए।
आरोपी की पहचान एवं आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपी हिमांशु उर्फ चीटा पिता नरेश बेलवंशी (उम्र 24 साल), निवासी भादे कॉलोनी, परासिया रोड, थाना देहात (छिंदवाड़ा)।
फरार आरोपी अक्षय पिता दुर्गाप्रसाद यादव (उम्र 25 साल), निवासी पुराना छापाखाना, साहू ज्वेलर्स के पीछे, थाना कोतवाली (छिंदवाड़ा)।
पुलिस का वक्तव्य: आरोपी हिमांशु उर्फ चीटा एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व में भी कुंडीपुरा, मोहखेड़ और देहात थानों में शराब तस्करी, मारपीट, आर्म्स एक्ट और चोरी के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, वहीं फरार आरोपी अक्षय यादव की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम दबिश दे रही है।

