Breaking

revanchal times new

मंडला...रक्षाबंधन पर खूनी वारदात: खाना बनाने को लेकर विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या की, 8 साल की बेटी 5 किमी पैदल पहुंची थाने



मंडला। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मंडला जिले के बिछिया थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां खाना बनाने की बात को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी की महज 8 साल की बेटी ने साहस दिखाते हुए करीब 5 किलोमीटर पैदल चलकर पुलिस थाने पहुंचकर वारदात की सूचना दी।

मामला बिछिया थाना क्षेत्र के नेवसा (कोटवार टोला) गांव का है। पुलिस के अनुसार बाजारी मरकाम (45) और उसका छोटा भाई अनिल मरकाम (40) घर में साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान खाना बनाने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर अनिल ने अपने बड़े भाई बाजारी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पिता की हरकत देखकर भी नहीं घबराई मासूम

घटना के समय आरोपी अनिल की 8 वर्षीय बेटी मौके पर मौजूद थी। वारदात के बाद बच्ची घबराई जरूर, लेकिन उसने हिम्मत नहीं खोई। वह अकेले करीब 5 किलोमीटर पैदल चलकर बिछिया थाना पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

मासूम ने पुलिसकर्मियों से बताया कि उसके बड़े पापा उठ नहीं रहे हैं और उसके पिता ने उन्हें मारा है। बच्ची की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल गांव पहुंची।

आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात के बाद आरोपी अनिल मरकाम फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

रक्षाबंधन जैसे भाई-बहन के रिश्ते को समर्पित पर्व के दिन हुई इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post