मवई/मंडला। बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्या. बी-पैक्स लैम्प्स, ग्राम मेढा, विकासखंड मवई, जिला मंडला में सेल्समैन एवं चपरासी की भर्ती को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर आरोप लगाया जा रहा है कि समिति द्वारा बिना किसी सार्वजनिक वैकेंसी अथवा भर्ती विज्ञापन के ही पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। बताया जा रहा है कि सेल्समैन पद पर मनोज सोनवानी एवं महेश सोनवानी की नियुक्ति की गई है। हालांकि इन नियुक्तियों की वास्तविक प्रक्रिया और वैधता की पुष्टि संबंधित दस्तावेजों एवं विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बिना निर्धारित भर्ती प्रक्रिया एवं सार्वजनिक वैकेंसी के नियुक्तियां की गई हैं, तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। भर्ती से संबंधित विज्ञापन, आवेदन प्राप्ति, चयन प्रक्रिया, चयन समिति की कार्यवाही एवं नियुक्ति आदेश सार्वजनिक किए जाने की मांग की जा रही है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि समिति प्रबंधन एवं संबंधित सहकारी बैंक अधिकारियों से जवाब लेकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए। यदि जांच में नियमों के विपरीत नियुक्ति पाए जाने की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
मांग
पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर भर्ती प्रक्रिया की वास्तविकता सामने लाई जाए तथा संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं, ताकि योग्य अभ्यर्थियों के साथ पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित हो सके।
