दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग। विकासखंड शिक्षा अधिकारी बजाग अमोल सिंह मरावी के स्थान पर एक बार फिर तीरथ सिंह परस्ते को विकासखंड शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इस संबंध में संभागीय उपायुक्त, जनजातीय कार्य तथा अनुसूचित जाति विकास, जबलपुर संभाग द्वारा 18 अगस्त 2026 को आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार अमोल सिंह मरावी ने 12 अगस्त 2026 को अपने अस्वस्थ रहने के कारण बार-बार स्वास्थ्य जांच के लिए बाहर जाना पड़ने तथा इससे विकासखंड शिक्षा अधिकारी के दायित्वों के निर्वहन में कठिनाई और कार्य प्रभावित होने का उल्लेख करते हुए आवेदन प्रस्तुत किया था। साथ ही मई 2027 में 62 वर्ष की अधिवार्षिकी आयु पूर्ण होने के कारण असमर्थता भी व्यक्त की गई थी।
इसके फलस्वरूप अमोल सिंह मरावी, व्याख्याता, शासकीय उमावि गाड़ासरई, जिला डिंडोरी को विकासखंड शिक्षा अधिकारी बजाग के दायित्वों से मुक्त कर दिया गया है। वहीं एकीकृत शासकीय उमावि चाड़ा के उच्च माध्यमिक शिक्षक एवं प्रभारी प्राचार्य तीरथ सिंह परस्ते को उनके पदीय दायित्वों के साथ-साथ विकासखंड शिक्षा अधिकारी बजाग का अतिरिक्त दायित्व अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक सौंपा गया है।
पहले भी संभाल चुके हैं जिम्मेदारी
तीरथ सिंह परस्ते इससे पूर्व भी विकासखंड शिक्षा अधिकारी बजाग का कार्यभार संभाल चुके हैं। ऐसे में उन्हें दोबारा बीईओ का अतिरिक्त प्रभार मिलने से विभागीय कामकाज का अनुभव रखने वाले अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
