Breaking

revanchal times new

गोकुलधाम में विशाल स्तर पर हरियाली तीज महोत्सव संपन्न



100 से अधिक महिलाओं ने लिया उत्सव में हिस्सा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्नेह भोज ने बढ़ाई आयोजन की रौनक



दैनिक रेवांचल टाईम्स - मंडला। मंडला की प्रसिद्ध कॉलोनी गोकुलधाम में हरियाली तीज महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कॉलोनी की 100 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महिलाओं ने विधि-विधान से मां दुर्गा की उपासना कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।

हरियाली तीज के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में महिलाओं की एकरूपता और उत्साह का विशेष आकर्षण ड्रेस कोड रहा, जिसने पूरे आयोजन को मनमोहक बना दिया। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं की उपस्थिति से गोकुलधाम का वातावरण उत्सवमय नजर आया।

      वही कार्यक्रम शाम तक चलता रहा, जिसमें महिलाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में सहभागिता करते हुए तीज पर्व की खुशियां साझा कीं। आयोजन के दौरान आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकजुटता की भावना भी देखने को मिली।

गोकुलधाम कॉलोनी में वैसे भी सभी प्रमुख त्योहारों को मिल-जुलकर धूमधाम से मनाने की परंपरा रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हरियाली तीज का यह आयोजन भी उत्साह और उमंग से भरपूर रहा।

कार्यक्रम के अंत में कॉलोनी की सभी महिलाओं के लिए स्नेह भोज का आयोजन किया गया। महिलाओं ने एक-दूसरे को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन का आनंद लिया। पूरे कार्यक्रम में महिलाओं की सहभागिता और उत्साह ने आयोजन को यादगार बना दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post