Breaking

revanchal times new

आदिवासी अंचल को महाकाल कनेक्टिविटी देने की तैयारी: पेंचवैली एक्सप्रेस को उज्जैन होकर चलाने की मांग तेज


*पेंचवैली एक्सप्रेस (19343/19344): मण्डला फोर्ट तक विस्तार एवं उज्जैन (महाकाल) कनेक्टिविटी हेतु रेल प्रशासन को रेल एक्टिविस्ट ने भेजा प्रस्ताव*



*महाकाल श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर: मण्डला, सिवनी और छिंदवाड़ा से उज्जैन डायरेक्ट रेल कनेक्टिविटी हेतु औपचारिक पहल*

दैनिक रेवाँचल टाईम्स - आदिवासी बहुल मण्डला जिले को सीधी रेल कनेक्टिविटी प्रदान करने और क्षेत्रीय श्रद्धालुओं को बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से जोड़ने के उद्देश्य से रेल एक्टिविस्ट नितिन सोलंकी ने एक विस्तृत एवं तकनीकी प्रस्ताव (पत्रांक: एस.एन./एमपी /2026/36) रेल मंत्रालय, रेलवे बोर्ड, पश्चिम रेलवे एवं दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को प्रेषित किया है।

इस औपचारिक प्रस्ताव के माध्यम से गाड़ी संख्या 19343/19344 पेंचवैली एक्सप्रेस का मण्डला फोर्ट तक व्यावसायिक विस्तार और मार्ग परिवर्तन कर उज्जैन जंक्शन से चलाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई है।

प्रस्ताव में उठाई गई 3 प्रमुख मांगें एवं *तकनीकी आधार:*

*1.मण्डलाफोर्ट तक व्यावसायिक यात्री संचालन:*

वर्तमान में पेंचवैली एक्सप्रेस का रैक प्रतिदिन नैनपुर से मण्डला फोर्ट तक खाली (खाली रेक) चलाया जाता है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे  नागपुर मंडल के शासकीय पत्र (क्रमांक 1309) के अनुसार मण्डला फोर्ट स्टेशन पर सवारी गाड़ियों की नाइट क्लीनिंग और वॉटरिंग की ऑन-रिकॉर्ड स्वीकृति दी जा चुकी है। अतः रेलवे बोर्ड के नियमों के तहत इस खाली रैक को मण्डला फोर्ट से ही व्यावसायिक यात्री सेवा (टिकट बुकिंग व बोर्डिंग) के रूप में संचालित किया जाए।

*2.उज्जैन जंक्शन मार्ग परिवर्तन (महाकाल डायरेक्ट कनेक्टिविटी):*

वर्तमान में यह ट्रेन देवास-मक्सी मार्ग से होकर गुजरती है और उज्जैन जंक्शन को बायपास करती है। प्रस्ताव में इसे मण्डला फोर्ट - नैनपुर - छिंदवाड़ा - मक्सी - उज्जैन जंक्शन - देवास - इंदौर के परिवर्तित मार्ग से चलाने की मांग की गई है, ताकि मण्डला, सिवनी और छिंदवाड़ा अंचल के यात्रियों को श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग हेतु सीधी ट्रेन सेवा मिल सके।

*3.अंतर-जोनीय समन्वय:*

पश्चिम रेलवे (रतलाम मंडल) और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (नागपुर मंडल) के बीच अंतर-जोनीय समन्वय स्थापित कर रेलवे बोर्ड (कोचिंग निदेशालय) द्वारा इस विस्तार एवं मार्ग परिवर्तन की अधिसूचना शीघ्र जारी की जाए।

*मामले पर विशेषज्ञों एवं यात्रियों की राय:*

1. अम्बरीष कुमार (रेलवे जानकार):

"पेंचवैली एक्सप्रेस का रैक प्रतिदिन नैनपुर से मण्डला फोर्ट तक खाली (खाली रेक) चलाया जा रहा है। जब मण्डला फोर्ट स्टेशन पर गाड़ियों की नाइट क्लीनिंग और वॉटरिंग की व्यवस्था स्वीकृत है, तो इस ट्रेन को खाली चलाने के बजाय मण्डला फोर्ट से ही यात्रियों के लिए शुरू किया जाना चाहिए। इससे रेलवे को राजस्व मिलेगा और क्षेत्रीय जनता को सीधी रेल सुविधा।"

2. विनोद (स्थानीय रेल यात्री):

"वर्तमान में पेंचवैली एक्सप्रेस उज्जैन जंक्शन को बायपास करते हुए निकलती है। यदि इसे मण्डला फोर्ट से चलाकर उज्जैन होकर इंदौर भेजा जाए, तो मण्डला, सिवनी और छिंदवाड़ा क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं को सीधे बाबा महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन हेतु सीधी और सुविधाजनक ट्रेन सेवा मिल सकेगी।"

Post a Comment

Previous Post Next Post