दैनिक रेवांचल टाईम्स - बजाग, डिंडोरी | मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया के मार्गदर्शन में आकांक्षी विकासखंड बजाग के आंगनवाड़ी केंद्रों में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
परियोजना बजाग, सेक्टर लालपुर एवं हर्रा के समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों पर संबंधित पर्यवेक्षक के निर्देशन में कार्यक्रम आयोजित हुए। केंद्रों को फूलों, गुब्बारों और रंगोली से सजाया गया था।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने राधा-कृष्ण की आकर्षक वेशभूषा धारण कर जमकर मस्ती की और मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। किसी केंद्र में छोटे कान्हा बांसुरी बजाते दिखे तो कहीं नन्ही राधा रानी ने सबका मन मोह लिया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने बच्चों को श्रीकृष्ण के जीवन और लीलाओं के बारे में बताया।
वही कार्यक्रम के अंत में बच्चों और उपस्थित माताओं के लिए *विशेष भोज के रूप में खीर-पूड़ी* का वितरण किया गया। बच्चों में प्रसाद को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
पर्यवेक्षक तबस्सुम खान ने बताया कि आकांक्षी ब्लॉक बजाग में शासन की मंशा अनुसार बच्चों में संस्कार, पोषण और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता लाने के लिए इस तरह के आयोजन निरंतर किए जा रहे हैं। इस पहल से आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति और अभिभावकों की सहभागिता दोनों में वृद्धि हो रही है।



