Breaking

revanchal times new

विद्या के मंदिर में विवाद: बिचबेहरी स्कूल के दो शिक्षकों पर गिरी गाज, हटाने का प्रस्ताव पास




जितेन्द्र अलबेला 

 रेवांचल टाइम्स ​छिंदवाड़ा |जनपद पंचायत जुन्नारदेव की ग्राम पंचायत बिचबेहरी स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में बच्चों की पढ़ाई से खिलवाड़ और अनुचित व्यवहार का एक गंभीर मामला सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए 16 अगस्त को आयोजित ग्राम सभा की बैठक में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और सर्वसम्मति से प्रभारी शिक्षक लोकेंद्र लोधी एवं अतिथि शिक्षिका दीपिका राठौर को तत्काल प्रभाव से हटाने का प्रस्ताव पारित किया गया।





​ग्राम सभा में प्रस्ताव क्रमांक 02 पास, कलेक्टर से शिकायत

ग्राम सभा में ग्रामीणों और शाला प्रबंधन समिति (SMC) के सदस्यों की मौजूदगी में प्रस्ताव क्रमांक 02 पारित किया गया। इसमें दोनों शिक्षकों पर नियमित रूप से न पढ़ाने और विद्यालय के माहौल को प्रभावित करने वाले आचरण के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सरपंच शांति बाई और SMC सदस्यों के नेतृत्व में ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर, छिंदवाड़ा को औपचारिक आवेदन सौंपकर दोनों शिक्षकों का तबादला/सेवा समाप्ति की मांग की है।


मासूम बच्चों ने परिजनों से बयां किया दर्द

बताया जा रहा है कि विद्यालय में हो रही लापरवाही और अनुचित घटनाक्रम की जानकारी सबसे पहले स्कूल के बच्चों ने अपने अभिभावकों को दी। बच्चों द्वारा आपबीती बताए जाने के बाद ही ग्रामीणों ने संगठित होकर इस मुद्दे को ग्राम सभा के मंच पर उठाया, जो अब जिला मुख्यालय तक पहुँच चुका है।


​पुराने विवादों से भी रहा है नाता

स्थानीय चर्चाओं और ग्रामीणों के अनुसार, प्रभारी शिक्षक लोकेंद्र लोधी का विवादों से पुराना नाता रहा है। पूर्व में भी उनके व्यक्तिगत व पारिवारिक विवादों को लेकर गंभीर मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर बच्चों के भविष्य की नींव रखी जाती है, वहाँ इस तरह का आचरण और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकीं निगाहें

ग्राम सभा के कठोर रुख और कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन के बाद अब गेंद जिला प्रशासन के पाले में है। अब देखना यह होगा कि छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायण एवं विभागीय अधिकारी आयुक्त सत्येंद्र मरकाम इस गंभीर शिकायत और समाचार पर संज्ञान लेते हुए क्या कड़ा रुख अपनाते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post