पूरे एक माह चलेगा रक्तदान का सिलसिला, 786 यूनिट रक्त संग्रह का संकल्प; जाति-धर्म से ऊपर उठकर जिंदगी बचाने की पहल
दैनिक रेवांचल टाइम्स - शहडोल। ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर संयुक्त मुस्लिम समाज शहडोल द्वारा इंसानियत और मानव सेवा का अनूठा संदेश देने के लिए महा रक्तदान अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान का शुभारंभ 30 अगस्त 2026 को मौलाना आजाद स्कूल, पाली रोड, सोहागपुर से होगा। खास बात यह है कि यह अभियान महज एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे एक माह तक चलने वाला सेवा संकल्प होगा।
आयोजन समिति ने इस अभियान के दौरान 786 यूनिट रक्त संग्रह करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। संभागीय मुख्यालय शहडोल सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग तिथियों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध कराना तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाना है।
रक्त की पहचान इंसानियत है, धर्म नहीं
आयोजन समिति का कहना है कि रक्त की कोई जाति, धर्म या मजहब नहीं होता। जब किसी अस्पताल में किसी मरीज को रक्त की आवश्यकता पड़ती है, तब उसकी जिंदगी बचाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है इंसान का इंसान के लिए आगे आना।
एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी अनजान परिवार के लिए जिंदगी की उम्मीद बन सकता है। यही भावना ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर आयोजित इस अभियान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बनाती है। समिति का कहना है कि रक्तदान केवल रक्त देने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन में उम्मीद और किसी परिवार के चेहरे पर मुस्कान लौटाने का प्रयास है।
युवाओं से आगे आने की अपील
संयुक्त मुस्लिम समाज ने समाजसेवियों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। समिति ने कहा कि अधिक से अधिक लोग अपने साथियों के साथ रक्तदान शिविरों में पहुंचें और इस पुनीत सेवा कार्य में सहभागी बनें।
आयोजन समिति ने उम्मीद जताई है कि जिले के नागरिक आपसी भाईचारे, सद्भाव और इंसानियत की भावना के साथ इस अभियान को सफल बनाएंगे तथा 786 यूनिट रक्त संग्रह के लक्ष्य को पूरा कर जरूरतमंदों तक जीवन की बूंदें पहुंचाने का संकल्प साकार करेंगे।
आयोजन एक नजर में
आयोजन: संयुक्त मुस्लिम समाज, शहडोल
शुभारंभ: 30 अगस्त 2026
स्थान: मौलाना आजाद स्कूल, पाली रोड, सोहागपुर
अवधि: एक माह
लक्ष्य: 786 यूनिट रक्त संग्रह
