एसकेडीवी मिशन की महिलाओं ने सुरक्षा कर्मियों को बांधा रक्षा सूत्र, सद्गुरु कबीर साहब से की जवानों के उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना
दैनिक रेवांचल टाइम्स - मंडला।साहेब बंदगी। सद्गुरु कबीर साहब, धनी धर्मदास साहब, पंथ श्री हुजूर प्रकाशमुनिनाम साहब, पंथ श्री हुजूर उदितमुनिनाम साहब एवं चार गुरु वंश बयालिस के पावन चरणों में कोटि-कोटि बार साहेब बंदगी।
रक्षाबंधन का पर्व केवल कलाई पर बंधने वाला एक धागा नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच अटूट प्रेम, विश्वास और रक्षा के संकल्प का पवित्र प्रतीक है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए 28 अगस्त 2026 को मंडला की सिटी कोतवाली में एसकेडीवी मिशन की महिलाओं ने सुरक्षा में तैनात पुलिस जवानों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान और अपनत्व प्रकट किया।
साहेब की दया से एसकेडीवी मिशन की राष्ट्रीय महिला प्रतिनिधि परम श्रद्धेय श्रीमती किरण मालपुरे गोस्वामी के आह्वान पर एसकेडीवी महिला तहसील प्रतिनिधि श्रीमती रिंकी सोनवानी के नेतृत्व में मिशन की महिलाएं दोपहर करीब 3:30 बजे जिला मंडला की सिटी कोतवाली पहुंचीं।
इस अवसर पर महिलाओं ने पुलिस जवानों को रक्षा सूत्र बांधते हुए उनके कर्तव्य और सेवाभाव को नमन किया। बहनों ने कहा कि हमारे सुरक्षा कर्मी अपने परिवार से दूर रहकर भी समाज और देश की सुरक्षा के लिए दिन-रात तत्पर रहते हैं। तेज बारिश हो, कठिन रास्ते हों, नदी-पहाड़ हों या विपरीत परिस्थितियां, वर्दीधारी जवान अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटते। ऐसे भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधना हमारे लिए केवल परंपरा नहीं, बल्कि सम्मान और गौरव की अनुभूति है।
रक्षा सूत्र बांधते समय महिलाओं ने सद्गुरु कबीर साहब से प्रार्थना करते हुए सुरक्षा कर्मियों के सुख, शांति, स्वस्थ जीवन, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान पुलिस जवानों और मिशन की महिलाओं के बीच आत्मीयता का वातावरण दिखाई दिया।
राखी के धागे में सम्मान और दुआओं का बंधन
रक्षाबंधन के इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि रक्षा का रिश्ता केवल रक्त के संबंधों से नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और सेवा की भावना से भी जुड़ा होता है। जिन जवानों पर समाज की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उनकी कलाई पर जब बहनों ने रक्षा सूत्र बांधा तो वह धागा मानो जवानों के प्रति समाज के विश्वास, सम्मान और शुभकामनाओं का प्रतीक बन गया।
वही इस अवसर पर महिला तहसील प्रतिनिधि श्रीमती रिंकी सोनवानी, लक्ष्मी कोठी, रेखा सोनवानी, सीताबाई, खेदी बाई, नंदिनी एवं गाय ग्वाल सहित एसकेडीवी मिशन से जुड़ी महिलाएं उपस्थित रहीं। महिलाओं ने सुरक्षा कर्मियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सद्गुरु कबीर साहब की कृपा सदैव हमारे उन भाइयों पर बनी रहे, जो अपने कर्तव्य के माध्यम से समाज की रक्षा और सेवा में समर्पित हैं।

