रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा|थाना कुंडीपुरा पुलिस ने मुस्तैदी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बहु-ग्रामीण जल प्रदाय योजना से जुड़ी कंपनी के यार्ड से चुराए गए 10 लाख रुपये मूल्य के डीआई पाइप की चोरी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला
लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन इंफ्रा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत मैनेजर प्रशांत राय 33 वर्ष, निवासी बुधवारी बाजार छिंदवाड़ा, ने 31 जुलाई 2026 को थाना कुंडीपुरा में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, घाटपरासिया स्थित ग्रीन वैली ढाबा के पीछे कंपनी के यार्ड से 29 और 30 जुलाई की मध्यरात्रि अज्ञात चोरों ने 148 नग डीआई पाइप अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये पार कर दिए थे। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 513/26, धारा 303 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़ा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा के मार्गदर्शन में कुंडीपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र भगत के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की सघन जांच की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में इस्तेमाल किए गए ट्रक क्रमांक आरजे 11 जीसी 1780 की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने हरियाणा के पलवल जिले से वाहन चालक साहिल (22 वर्ष), पिता जाकिर खान, निवासी मेवात मॉडल स्कूल के पास, हथीन को हिरासत में लिया।
पूछताछ में उगला सच, अन्य साथियों के नाम उजागर
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी साहिल ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया और घटना में शामिल अपने तीन अन्य साथियों के नामों का भी खुलासा किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर छिंदवाड़ा न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जब्त सामग्री
148 नग डीआई पाइप कीमत लगभग 10 लाख रुपये
घटना में प्रयुक्त ट्रक क्र. आरजे 11 जीसी 1780 कीमत लगभग 20 लाख रुपये l
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक महेंद्र भगत थाना प्रभारी कुंडीपुरा, सहायक उपनिरीक्षक मनोज रघुवंशी, प्रधान आरक्षक रवींद्र ठाकुर, आरक्षक जीवन रघुवंशी, गजानन तथा साइबर सेल के नितिन सिंह एवं आदित्य रघुवंशी की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।
