Breaking

revanchal times new

गोंडवाना राज्य संकल्प यात्रा का नैनपुर में भव्य स्वागत, अलग राज्य की मांग को लेकर जनजागरण का संदेश





दैनिक रेवांचल टाइम्स | नैनपुर (मंडला)गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा निकाली जा रही गोंडवाना राज्य संकल्प यात्रा गुरुवार को नैनपुर ब्लॉक पहुंची, जहां दादा हीरासिंह मरकाम तिराहा, निवारी स्थित गोंडवाना शहीद स्मारक पर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समाजजनों ने यात्रा का पारंपरिक एवं उत्साहपूर्ण स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत गोंडवाना के पुरखों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा कलश पूजन के साथ हुई।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि संकल्प यात्रा का उद्देश्य गोंडवाना क्षेत्र के इतिहास, संस्कृति, भाषा, परंपरा एवं सामाजिक अस्मिता के संरक्षण के प्रति जनजागरण करना तथा अलग गोंडवाना राज्य की मांग को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा वर्षों से चले आ रहे आंदोलन को नई ऊर्जा देने और समाज को संगठित करने का महत्वपूर्ण अभियान है।

कार्यक्रम में गोंडवाना आंदोलन के इतिहास और उसके विभिन्न संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए वरिष्ठ नेताओं एवं आंदोलनकारियों के योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने दादा हीरासिंह मरकाम के संघर्षों और सामाजिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के अधिकारों और पहचान के लिए उनका जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद संकल्प यात्रा नैनपुर नगर के विभिन्न मार्गों से निकली। इस दौरान पार्टी के झंडों और नारों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए। कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का स्वागत कर समर्थन भी व्यक्त किया।

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा मंडला के पदाधिकारियों ने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपने इतिहास और सामाजिक सरोकारों से जोड़ना, संगठन को मजबूत करना तथा गांव-गांव पहुंचकर समाज के बीच संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

नैनपुर प्रवास के उपरांत संकल्प यात्रा पिंडरई होते हुए झिरियागढ़ी के लिए रवाना हुई, जहां आगामी कार्यक्रम आयोजित किए गए। यात्रा में पार्टी के जिला, ब्लॉक एवं युवा मोर्चा पदाधिकारी, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न ग्रामों से आए बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।

आयोजकों ने बताया कि गोंडवाना राज्य संकल्प यात्रा आगामी दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर जनसंवाद करेगी तथा संगठन के उद्देश्यों और कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का कार्य जारी रखेगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post