10 अगस्त को उमड़ेगा आस्था का सैलाब, सैकड़ों शिवभक्त होंगे शामिल
दैनिक रेवांचल टाइम्स | मंडला श्रावण मास के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत औघटखपरी के तत्वावधान में सोमवार, 10 अगस्त 2026 को भव्य एवं विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा में क्षेत्र के सैकड़ों शिवभक्त एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालु शामिल होकर भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर होंगे।
आयोजन के अनुसार कांवड़ यात्रा का शुभारंभ सोमवार सुबह 7 बजे ग्राम औघटखपरी से विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ होगा। इसके बाद श्रद्धालु हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के साथ मंडला स्थित रपटा घाट पहुंचेंगे, जहां मां नर्मदा के पवित्र जल को कांवड़ में भरकर वापस औघटखपरी के लिए रवाना होंगे।
ग्राम औघटखपरी पहुंचने के बाद कांवड़ में लाए गए मां नर्मदा के पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात पूजन-अर्चन एवं महाआरती का आयोजन होगा। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।
शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी ग्रामवासियों, शिवभक्तों, मातृशक्ति, युवाओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कांवड़ यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है। समिति का कहना है कि यह यात्रा आस्था, श्रद्धा और सामाजिक एकता का पर्व है, जिसमें सभी श्रद्धालु सहभागी बनकर पुण्य लाभ अर्जित करें।
कार्यक्रम विवरण
दिनांक: सोमवार, 10 अगस्त 2026
समय: प्रातः 7 बजे
प्रस्थान: ग्राम पंचायत औघटखपरी
गंतव्य: रपटा घाट, मंडला — मां नर्मदा से जल संग्रह
समापन: औघटखपरी में जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, पूजन-अर्चन, महाआरती एवं प्रसाद वितरण
हर-हर महादेव • बोल बम • जय मां नर्मदा

