कलेक्टर के निर्देश पर विशेष दल ने की सघन जांच, ₹76,000 का वसूला जुर्माना
रेवांचल टाइम्सछिन्दवाड़ा|स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। परिवहन आयुक्त एवं कलेक्टर हरेंद्र नारायन के आदेश पर बुधवार को सिंगोड़ी-अमरवाड़ा क्षेत्र में स्कूल वाहनों के खिलाफ एक बड़ा और सघन जांच अभियान चलाया गया। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला के निर्देशन में विशेष जांच दल ने सड़क पर उतरकर एक-एक कर लगभग 35 छोटे-बड़े स्कूल वाहनों को रोककर उनकी बारीकी से चेकिंग की।
इस औचक कार्रवाई से स्कूल वाहन संचालकों और चालकों में हड़कंप मच गया। जांच दल ने वाहनों के फिटनेस, इंश्योरेंस, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहनों में बच्चों की क्षमता ओवरलोडिंग और सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस से जुड़े अन्य आवश्यक बिंदुओं को परखा।
बिना दस्तावेजों के दौड़ रहे थे वाहन, किए गए जप्त
जांच के दौरान नियमों को ताक पर रखकर बच्चों को ले जा रहे 4 स्कूल वाहनों पर गाज गिरी। ये वाहन बिना किसी वैध दस्तावेज के सड़कों पर दौड़ते पाए गए, जिन्हें तत्काल जप्त कर लिया गया।
जप्त किए गए वाहनों के नंबर
एमपी 20 टी 6769
एमपी 37 सी 0188
एमपी 16 टी 1436
एमपी 04 बीए 2547
इन सभी जप्त वाहनों को सुरक्षा के लिहाज से सिंगोड़ी पुलिस चौकी परिसर में खड़ा कराया गया है।
9 वाहनों से वसूला ₹76,000 का राजस्व
दस्तावेजों में कमियां और मोटरयान अधिनियम के नियमों का उल्लंघन करने वाले 9 अन्य वाहनों के खिलाफ भी सख्त चालानी कार्रवाई की गई। विभाग ने इन वाहनों से मौके पर ही 76,000 रुपये का जुर्माना वसूला।
परिवहन विभाग की सख्त चेतावनी
बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी स्कूल वाहन संचालक और चालक मोटरयान अधिनियम, 1988 के नियमों का पूरी तरह पालन करें। यदि भविष्य में दोबारा किसी भी वाहन में कमियां या लापरवाही पाई गई, तो और भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।परिवहन विभाग


