Breaking

revanchal times new

अज्ञात कारणों से महिला ने लगाई फांसी, पुलिस जांच में जुटी




मंडला। जिले के भुआ बिछिया क्षेत्र अंतर्गत जतीपुर सिंचाई कॉलोनी में एक 28 वर्षीय महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारती नंदा (28 वर्ष), पति स्वर्गीय सोनू केवट, मूल निवासी भरवेली (पुलिस चौकी पिंडरई, थाना नैनपुर), वर्तमान में जतीपुर सिंचाई कॉलोनी में अपने मायके में रह रही थीं। बताया गया कि उनके पति का विगत वर्ष निधन हो गया था, जिसके बाद से वह अपनी मां, भाइयों और भाभी के साथ रहकर मजदूरी कर अपना जीवनयापन कर रही थीं।


घटना के समय उनकी मां हॉस्टल में भोजन बनाने गई हुई थीं। बड़ा भाई विक्रम नंदा पास स्थित बांध की ओर गया था, जबकि छोटा भाई बिज्जू नंदा कृषि उपज मंडी स्थित कैंटीन पर मौजूद था। घर में केवल उनकी भाभी थीं, जो बाहर घरेलू कार्य कर रही थीं।


काम समाप्त होने के बाद जब भाभी घर के अंदर पहुंचीं, तो उन्होंने भारती नंदा को फांसी के फंदे पर लटका देखा। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विवेचना कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post