रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा |मध्य प्रदेश पुलिस के विशेष आह्वान पर आज से जिले में नशा मुक्ति के लिए एक बड़े जनांदोलन की शुरुआत हो गई है। "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत आगामी 15 दिनों 15 जुलाई से 30 जुलाई तक पूरे जिले में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इसी कड़ी में आज जिला कलेक्ट्रेट परिसर से कलेक्टर हरेन्द्र नारायण और पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने संयुक्त रूप से जन जागृति रथ और भव्य रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली सत्कार चौक से होते हुए वापस कलेक्ट्रेट पहुंचकर संपन्न हुई।
15 दिवसीय महाअभियान,15 जुलाई से 30 जुलाई तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार चलेंगे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम।
छात्रों ने ली नशामुक्ति की शपथ, सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कलेक्ट्रेट स्टाफ ने जीवन भर नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।
सड़कों पर गूंजे नारे सत्कार चौक से होकर गुजरी रैली में पोस्टर, पंपलेट और गानों के माध्यम से आमजन को किया गया जागरूक।
प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल, एनजीओ और सामाजिक संगठनों ने सहभागिता कर बढ़ाया उत्साह।
नशा सिर्फ व्यक्ति को नहीं, पूरे परिवार को तबाह करता है
जागरूकता रैली को रवाना करने से पहले उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कलेक्टर हरेन्द्र नारायण और एसपी अजय पांडे ने नशे के खिलाफ एक निर्णायक जंग का आह्वान किया।
नशा केवल एक व्यक्ति के स्वास्थ्य को खराब नहीं करता, बल्कि यह उसके सुनहरे भविष्य, परिवार की खुशियों और पूरे समाज की नींव को खोखला कर देता है। युवाओं को इससे दूर रहकर एक स्वस्थ, स्वच्छ और सशक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
भाषण के उपरांत कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और विद्यालय स्टाफ को तंबाकू, शराब, गुटखा, सिगरेट और अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने की सामूहिक नशा मुक्ति शपथ दिलाई गई।
पंपलेट बांटे, गीतों से जगाई अलख
रैली के दौरान स्कूली बच्चों के हाथों में नशा मुक्ति के संदेश लिखी तख्तियां थीं और वे बुलंद आवाज में जागरूकता के नारे लगा रहे थे। शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर नशा मुक्ति के पोस्टर लगाए गए और राहगीरों को पंपलेट बांटे गए। जन जागृति रथ में लगे लाउडस्पीकर से गूंज रहे नशा मुक्ति के प्रेरणादायक गीतों ने लोगों को बेहद आकर्षित किया।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस गरिमामयी और ऊर्जावान आयोजन में कलेक्टर व एसपी के साथ एसडीएम सुधीर जैन, डीएसपी ट्रैफिक रामेश्वर चौबे, यातायात प्रभारी सूबेदार लोहित शेंडे, कोतवाली थाना प्रभारी आशीष धुर्वे, सामाजिक न्याय सुरक्षा विभाग के अधिकारी, एनजीओ प्रतिनिधि, ब्रह्माकुमारी आश्रम के सदस्य, नशा मुक्ति केंद्र के कर्मचारी और भारी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं व शिक्षक उपस्थित रहे।
छिंदवाड़ा पुलिस द्वारा आगामी दिनों में भी इस अभियान के तहत जिलेभर के ग्रामीण और शहरी इलाकों में नुक्कड़ नाटक, सेमिनार और अन्य माध्यमों से अलख जगाई जाएगी, ताकि समाज में एक सार्थक और सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।

