दैनिक रेवांचल टाइम्स | मंडला कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए चीतल के शिकार के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अपचारी किशोर बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मामले में एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कान्हा टाइगर रिजर्व अंतर्गत बफर जोन वनमंडल के खटिया परिक्षेत्र की बटवार बीट के राजस्व क्षेत्र में चीतल के अवैध शिकार, उसके मांस को अवैध रूप से अपने कब्जे में रखने, उसे पकाने का प्रयास करने तथा घटना की सूचना वन विभाग को न देने के आरोप में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
वही इस कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने आरोपी भैयालाल, निवासी बटवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से न्यायालय ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल मंडला भेजने के आदेश दिए।
इसी प्रकरण में शामिल एक अपचारी किशोर बालक को विधि अनुसार अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बोर्ड के आदेश पर उसे बाल संप्रेक्षण गृह, जबलपुर भेज दिया गया।
वन विभाग के अनुसार मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। प्रकरण की विवेचना जारी है और वन्यजीव अपराध से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
वही वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के शिकार, उनके अंगों अथवा मांस के अवैध व्यापार और संरक्षण कानूनों के उल्लंघन के मामलों में भविष्य में भी कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वन्यजीवों से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
