डिंडोरी। मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मेंहदवानी थाना क्षेत्र के धमनी गांव के पटपरा टोला में एक कलयुगी बेटे ने मामूली पारिवारिक विवाद के दौरान अपने ही बुजुर्ग पिता की फरसे से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी भगत सिंह का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान उसके 60 वर्षीय पिता गंधी सिंह दोनों के बीच विवाद शांत कराने पहुंचे और बेटे को समझाने का प्रयास किया। लेकिन पिता की नसीहत आरोपी को नागवार गुजरी। गुस्से में उसने घर में रखे फरसे के पिछले भारी हिस्से से पिता के सिर पर लगातार कई वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल गंधी सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया और घटना की सूचना तत्काल मेंहदवानी थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी बेटे को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस इस घटना को पारिवारिक कलह का परिणाम मान रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि हत्या के पीछे यदि कोई अन्य कारण हो तो उसका भी खुलासा किया जा सके।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्षणिक आवेश और पारिवारिक विवाद किस तरह रिश्तों को खून से रंग देने वाली त्रासदी में बदल सकते हैं।
