Breaking

revanchal times new

समन्वय से करें यातायात समस्या का समाधान - हर्षिका सिंह कलेक्टर ने की व्यापारी तथा आमजनों के साथ बैठक

मंडला 8 दिसम्बर 2022




                नगर की यातायात व्यवस्था सुधारने के संबंध में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने व्यापारी तथा आमजनों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए यातायात की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाना आवश्यक है। इस समस्या का अच्छा समाधान व्यापारी, पथ विक्रेता, व्यवसायिक वाहन चालक तथा जनसामान्य के समन्वय से ही संभव है। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, अपर कलेक्टर मीना मसराम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र कंवर, पत्रकारगण, व्यापारीगण तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

                कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि चिलमन चौक, रेडक्रॉस, पड़ाव तथा बस स्टेंड जैसे व्यस्थतम मार्गों पर विशेष ध्यान दें। नगर में यातायात समस्या का स्थायी समाधान निकालें। एसडीएम, आरटीओ तथा यातायात प्रभारी विभिन्न मार्गों के लिए ऑटो स्टेंड तथा पिकअप प्वाईंट चिन्हित करें। कलर कोडिंग के संबंध में ऑटो चालकों से चर्चा करें। व्यापारियों से चर्चा कर इन मार्गों में व्यावसायिक वाहनों को प्रवेश के लिए समय का निर्धारण करें। इसी प्रकार फल एवं सब्जी व्यावसायियों से बैठक कर उन्हें अन्यत्र शिफ्ट करने की योजना तैयार करें। कलेक्टर ने नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि ऐसे दुकानदारों पर कार्यवाही करें जो सड़कों पर भी सामग्री रखते हैं। रेड जोन में वाहन सुधारने, सर्विस सेंटर संचालकों को नोटिस जारी करें। बस स्टेंड से रवाना होने के बाद बस नगर के अन्य किसी चौराहे में न रोकी जाएं। बस स्टेंड में अनावश्यक खड़ी बसों से जुर्माना वसूली करें। मछली व्यापारियों से चर्चा कर उन्हें नगर से दूर शिफ्ट करने की कार्यवाही करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि नगरपालिका द्वारा सड़कों में सफेद लाईन बनाएं तथा उसका सख्ती से पालन कराए। कलेक्टर ने यातायात को व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विभिन्न समितियों के गठन के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में उपस्थितजनों द्वारा दिए गए सुझावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

 

अतिक्रमण मुक्त करें अस्पताल रोड

 

                कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि अस्पताल जाने वाला मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। सड़कों पर लगने वाली दुकानों के कारण एम्बूलेंस को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है ऐसी स्थिति कतई स्वीकार्य योग्य नहीं है। उन्होंने एसडीएम को निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय मार्ग से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करें।

 

रास्ते और चौराहों पर आयोजन करने के लिए अनुमति जरूरी

 

                नगर के रास्तों और चौराहों में होने वाले आयोजनों के संबंध में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने रास्ता बंद करके किसी प्रकार का आयोजन उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि रास्ते और चौराहों पर आयोजन करने के लिए एसडीएम से लिखित अनुमति प्राप्त करना आवश्यक होगा। उन्हांेने अनुमति न पाए जाने की स्थिति पर संबंधितों के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

 

पशु मालिकों पर करें कार्यवाही

 

                नगर में आवारा पशुओं से होने वाली परेशानी के संबंध में गणमान्य नागरिकों द्वारा बात उठाए जाने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि आवारा पशुओं को गौशालाओं में पहुंचाने की कार्यवाही करें तथा पशु मालिकों के विरूद्ध प्रावधानित धाराओं के तहत कार्यवाही करते हुए एसडीएम कोर्ट में सुनवाई करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post