Breaking

revanchal times new

सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण के लिए 9 और 10 दिसंबर को कार्यालयों में शिविर आयोजित करें कलेक्टर ने की सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा

मंडला 8 दिसम्बर 2022

सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि 9 एवं 10 दिसंबर को सभी कार्यालयों में शिविर का आयोजन करें। आवेदकों को बुलाकर उनसे चर्चा करें तथा आवश्यकतानुसार मौके पर जाकर सुनवाई करें। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण का प्रयास करें।



कलेक्टर ने कहा कि 9 एवं 10 दिसंबर को लगने वाले शिविरों का विधिवत प्रचार-प्रसार करें। शिविरों को परिणाममूलक बनाएं। उन्होंने कहा कि 50 से अधिक दिनों से लंबित प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकृत करें। एल-1 से एल-4 स्तर तक दर्ज सभी शिकायतों का अध्ययन करें तथा उनके सकारात्मक निराकरण की पहल करें। राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य विभाग तथा नगरीय निकायों में लंबित प्रकरणों की संख्या सर्वाधिक है। संबंधित विभागों के अधिकारी अगले 2 दिवस में पूरी क्षमता से प्रकरणों के निराकरण की कार्यवाही करें। संतोषजनक काम नहीं करने वाले अधिकारियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। श्रीमती सिंह ने कहा कि ऑनलाईन पोर्टल पर पूरी जिम्मेदारी से जवाब अंकित करें। भविष्यात्मक शब्दों का प्रयोग न करें। उन्होंने पूर्व में प्रस्तुत किए जवाबों का अध्ययन कर उनमें आवश्यक सुधार करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग आपस में प्रतिस्पर्धा करते हुए अपनी ग्रेडिंग सुधारने का प्रयास करें। इसी प्रकार नीतिगत मामलों में वरिष्ठ कार्यालयों से समन्वय कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।

 

कंट्रोल रूम को प्रभावी बनाएं

 

                कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाईन के संबंध में जिला स्तर पर बनाए गए कंट्रोल रूम को प्रभावी बनाएं। उन्होंने लोकसेवा प्रबंधक को निर्देशित किया कि प्रतिदिन सभी विभागों द्वारा प्रकरणों के निराकरण के संबंध में की गई कार्यवाही का दोनों समय जानकारी लें। लोकसेवा प्रबंधक कंट्रोल रूम में नियुक्त अमले से समन्वय कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।               

Post a Comment

Previous Post Next Post