1261 करोड़ लागत की 5 सड़क परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास
मण्डला 7 नवम्बर 2022
7 नवंबर को मंडला, डिंडोरी एवं
जबलपुर जिले की सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास करने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं
राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मंडला पहुंचे। पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित मुख्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री गडकरी ने कहा कि मंडला में प्रकृति का निवास
है, यह रानी दुर्गावती की भूमि है तथा यहाँ कान्हा जैसा विश्व
प्रसिद्ध राष्ट्रीय उद्यान है। अतः आदिवासीजनों के विकास की सर्वोच्च जिम्मेदारी
राज्य एवं केंद्र सरकार की है और इस विकास के लिए सड़कें अत्यंत जरूरी हैं।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आगामी 2 वर्षों में केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण
विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सड़क
विकास के प्रस्तावों पर विस्तृत अध्ययन करते हुए योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की
जाएगी। श्री गडकरी ने प्रदेश सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि
मध्यप्रदेश में कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। मुख्यमंत्री श्री चौहान
के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को अनेको बार कृषिकर्मण पुरूस्कार से सम्मानित किया जा
चुका है। साथ ही अब मध्यप्रदेश कृषि उत्पादों का निर्यात भी करने लगा है। नितिन
गडकरी ने कहा कि किसान अन्नदाता के साथ-साथ अब ऊर्जादाता भी बने।
केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने देशभर में
ऊर्जा के क्षेत्र में परिवहन मंत्रालय द्वारा प्रारंभ की गई नई परियोजनाओं की
विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मध्यप्रदेश में परिवहन के क्षेत्र में इलेक्ट्रिक
बसों के संचालन की संभावनाओं पर बात की। उन्होंने कहा कि मंडला, डिंडौरी एवं अन्य जनजातीय क्षेत्रों में बांस के उत्पादन को बढ़ावा दिया जा
सकता है, बांस से भविष्य में इथेनॉल का निर्माण होगा जिससे परिवहन एवं
अन्य क्षेत्रों के लिए ऊर्जा पैदा की जा सकेगी। श्री गडकरी ने कान्हा-बालाघाट
क्षेत्र में सड़क विकास के लिए नए प्रोजेक्ट को ’गति शक्ति योजना’ में शामिल करने की बात कही।
मंडला-जबलपुर हाईवे की गुणवत्ता से असंतुष्ट, क्षेत्रवासियों से मांगी माफी
केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी
ने अपने संबोधन में मंडला-जबलपुर हाईवे के बारे में चर्चा की। उन्होंने हाईवे
निर्माण में गुणवत्ता से असंतुष्टि जाहिर की एवं मंडला एवं आसपास के क्षेत्र की
जनता को सड़क के कारण हुई परेशानी के लिए मंच से माफी मांगी। उन्होंने संबंधित
अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजमार्ग के पुराने कार्य को रिपेयर करें तथा
जल्द नया टेंडर जारी करें। श्री गडकरी ने आगामी वर्षों में अलग-अलग परियोजनाओं के
माध्यम से सड़क एवं पुलों के विकास के बारे में चर्चा की।
नर्मदा एक्सप्रेस-वे पर अध्ययन जारी
केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी ने अपने संबोधन में कहा कि
केन्द्र सरकार द्वारा भारत के सभी धार्मिक स्थानों तक पहुंचने के लिए लगातार
बारहमासी सड़कों का निर्माण जारी है। उन्होंने अमरकंटक से लेकर धार-झाबुआ तक नर्मदा
एक्सप्रेस-वे के निर्माण के संबंध में कहा कि इस मार्ग के निर्माण के लिए मंत्रालय
द्वारा अध्ययन कार्य जारी है। इस मार्ग के विकास से नर्मदा प्रदक्षिणा करने वाले
श्रद्धालुओं को निश्चित रूप से लाभ होगा। श्री गडकरी ने मध्यप्रदेश में मेडिकल की
पढ़ाई हिंदी भाषा में प्रारंभ करने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को
सभी विद्यार्थियों की ओर से शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि गरीब
एवं वंचित वर्गों तक विकास को पहुंचाना हमारा संकल्प है।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
No comments:
Post a Comment