क्या सात बार के सांसद पर भारी पड़ रही हैं पहली बार की बालाघाट सांसद? पेंचवैली एक्सप्रेस को लेकर भारती पारधी के बयान ने मंडला की रेल सुविधाओं पर खड़े किए सवाल
दैनिक रेवांचल टाइम्स - मंडला। मंडला संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं की कमी और पेंचवैली एक्सप्रेस के मंडलाफोर्ट तक विस्तार की मांग के बीच बालाघाट सांसद श्रीमती भारती पारधी का बयान चर्चा का विषय बन गया है। उनके बयान ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या मंडला की रेल मांगों को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि पर्याप्त गंभीरता दिखा रहे हैं?
बालाघाट सांसद श्रीमती भारती पारधी ने एक सभा में भोपाल-इंदौर के लिए नई ट्रेन की मांग उठाते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान वहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को दोगुना-तिगुना बस किराया देकर घर आना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए वे एक अच्छी ट्रेन की मांग कर रही हैं।
पेंचवैली ट्रेन पर भी रखी अपनी बात
सांसद भारती पारधी ने पेंचवैली ट्रेन के मुद्दे पर कहा कि मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते भी इस विषय पर प्रयास कर रहे हैं और वे स्वयं भी लगी हुई हैं, लेकिन अभी तक ट्रेन वहीं खड़ी है। उन्होंने कहा कि यदि ट्रेन उनके क्षेत्र में जाती है, तो उन्हें भी एक अच्छी ट्रेन चाहिए।
*उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “जब तक मुझे ट्रेन नहीं मिलेगी, वो ट्रेन का चक्का नहीं चलेगा।”*
उनके इस बयान से पेंचवैली ट्रेन के मंडलाफोर्ट तक विस्तार की मांग को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, उनके बयान में ट्रेन का संचालन रोकने के किसी आधिकारिक निर्णय की पुष्टि नहीं होती है।
*सात बार के सांसद पर उठ रहे सवाल ?*
मंडला संसदीय क्षेत्र की जनता लंबे समय से बेहतर रेल कनेक्टिविटी, नई ट्रेनों और मंडलाफोर्ट रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की मांग कर रही है। ऐसे में पहली बार की बालाघाट सांसद का अपने क्षेत्र के लिए मुखर होकर नई ट्रेन की मांग करना मंडला के जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।
सवाल यह है कि जब बालाघाट सांसद अपने क्षेत्र के लिए नई ट्रेन की मांग को लेकर इतनी स्पष्टता से अपनी बात रख रही हैं, तो सात बार के सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते मंडला क्षेत्र की रेल समस्याओं को लेकर कितने प्रभावी ढंग से आवाज उठा रहे हैं?
क्या मंडला की जनता की रेल मांगों को केवल आश्वासनों के भरोसे छोड़ दिया गया है? क्या मंडलाफोर्ट से पेंचवैली एक्सप्रेस का संचालन और क्षेत्र की अन्य रेल सुविधाएं प्राथमिकता में नहीं हैं?
मंडला की जनता को जवाब का इंतजार
मंडला की जनता यह जानना चाहती है कि पेंचवैली एक्सप्रेस का मंडलाफोर्ट तक विस्तार कब होगा और भोपाल-इंदौर जैसे प्रमुख शहरों के लिए बेहतर रेल सुविधा कब मिलेगी।
बालाघाट सांसद के बयान ने एक बार फिर यह सवाल सामने ला दिया है कि क्या मंडला संसदीय क्षेत्र की रेल उपेक्षा को उसके जनप्रतिनिधि चुपचाप देख रहे हैं?
अब जरूरत है कि मंडला के जनप्रतिनिधि रेल मंत्रालय के सामने क्षेत्र की मांगों को मजबूती से रखें और जनता को स्पष्ट बताएं कि पेंचवैली एक्सप्रेस सहित अन्य रेल सुविधाओं के लिए आगे क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
मंडला की जनता को अब आश्वासन नहीं, रेल सुविधाओं पर ठोस कार्रवाई चाहिए।
