मंडला: घुघरी में 3 किलो से अधिक गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार, अर्टिगा से आने की मिली थी सूचना
घुघरी पुलिस ने गल्ला मंडी के पास घेराबंदी कर की कार्रवाई
घुघरी (मंडला)। घुघरी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 3 किलो से अधिक गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी ने सूचना मिलने पर पुलिस टीम को सक्रिय किया, जिसके बाद घुघरी स्थित गल्ला मंडी के पास घेराबंदी की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि मूलचंद नामक व्यक्ति अर्टिगा वाहन से गांजा लेकर घुघरी की ओर आ रहा है। थाना प्रभारी ने सूचना की तस्दीक और कार्रवाई के लिए तत्काल पुलिस टीम को लगाया।
पुलिस के अनुसार, गल्ला मंडी के पास संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर तलाशी ली गई। इस दौरान आरोपी मूलचंद पिता भजनलाल साहू, उम्र 21 वर्ष, निवासी भोका देवरी के कब्जे से 3 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई की।
अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर सख्ती की उम्मीद
क्षेत्रवासियों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध इसी तरह लगातार अभियान जारी रहेगा। आदिवासी अंचल में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए मादक पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता है।