Breaking

revanchal times new

कान्हा टाइगर रिजर्व के दूरस्थ ग्राम कुकतीसरई में बाल उद्यान का शुभारंभ, ग्रामीणों की सुविधा के लिए सोलर स्ट्रीट लाइट भी स्थापित



दैनिक रेवांचल टाईम्स - मण्डला। कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा वन एवं वन्यजीव संरक्षण में ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा स्थानीय समुदायों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इको विकास समितियों के माध्यम से ग्रामीणों से सतत संवाद स्थापित कर उनके प्रस्ताव एवं आवश्यकताओं के अनुरूप ग्राम विकास के कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही मानव-वन्यजीव द्वंद्व को कम करने एवं ग्रामीणों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में भी विभिन्न पहल की जा रही हैं।

इसी क्रम में बफर जोन वनमंडल अंतर्गत मोतीनाला बफर परिक्षेत्र के छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा से लगे अत्यंत दूरस्थ एवं दुर्गम ग्राम कुकतीसरई में बच्चों को सुरक्षित खेल का स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कान्हा बाल उद्यान की स्थापना की गई है।

       वही दिनांक 06 नवंबर 2026 को रवीन्द्र मणि त्रिपाठी, क्षेत्र संचालक, कान्हा टाइगर रिजर्व द्वारा इको विकास समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में बाल उद्यान का शुभारंभ कर इसे बच्चों को समर्पित किया गया। उद्यान की नियमित देखरेख एवं सुरक्षा का दायित्व कान्हा बाल मित्र दल द्वारा निभाया जाएगा।

ग्राम विकास एवं ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उद्यान की स्थापना के साथ ही ग्राम तक पहुंच मार्ग में सोलर स्ट्रीट लाइट भी लगवाई गई हैं, जिससे रात्रि के समय ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

इस अवसर पर आशीष पाण्डेय, सहायक संचालक सिझोरा, सुनील पन्द्रे, सहायक संचालक मलाजखंड, अभिषेक दुबे, परिक्षेत्र अधिकारी सिझोरा, प्रिवेश बराड़े, परिक्षेत्र अधिकारी गढ़ी, सुश्री पूजा बघेल, परिक्षेत्र अधिकारी मोतीनाला सहित अन्य अधीनस्थ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन की यह पहल वन संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने, बच्चों को सुरक्षित परिवेश उपलब्ध कराने तथा वन विभाग एवं स्थानीय समुदायों के बीच विश्वास और सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new