छिंदवाड़ा के यथार्थ डेहरिया का म.प्र. अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन, राष्ट्रीय शालेय प्रतियोगिता में खेलेंगे
छिंदवाड़ा | रेवांचल टाइम्स
विद्या भूमि पब्लिक स्कूल के कक्षा 12वीं के छात्र और हरफनमौला क्रिकेट खिलाड़ी यथार्थ डेहरिया का चयन मध्य प्रदेश की अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ है। सुभाष डेहरिया के पुत्र यथार्थ ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। अब वे राष्ट्रीय शालेय प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
11 नवंबर से गाडरवाड़ा में राष्ट्रीय प्रतियोगिता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट अंडर-19 बालक प्रतियोगिता का आयोजन 11 नवंबर 2026 से गाडरवाड़ा, मध्य प्रदेश में होगा। यथार्थ इस प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम की ओर से खेलेंगे।
मुख्य प्रतियोगिता से पहले वे 04 नवंबर 2026 से गाडरवाड़ा में आयोजित प्री-नेशनल कैंप में हिस्सा लेंगे। इसके लिए वे 03 नवंबर को प्रस्थान करेंगे।
विद्यालय परिवार और खेल प्रेमियों में खुशी
यथार्थ के चयन से विद्या भूमि परिवार और जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. शेषराव यादव, प्रशासिका डॉ. विजया यादव, तकनीकी निदेशक विशेष यादव, विद्याभूमि क्लब के अध्यक्ष राजेश बोध, जिला शिक्षा अधिकारी जे.के. इडपाचे, जिला क्रीड़ा अधिकारी योगेश प्रसाद चौरिया, जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों एवं समस्त विद्या भूमि परिवार ने शुभकामनाएं दी हैं।
सभी ने यथार्थ के चयन पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने विश्वास जताया कि यथार्थ राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर छिंदवाड़ा और मध्य प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
