कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते होंगे शामिल
दैनिक रेवांचल टाइम्स मंडला।ग्राम पंचायत सिलगी में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और शासकीय विद्यालयों की सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। ग्राम पंचायत सिलगी के अधोसंरचना मद से माध्यमिक शाला सिलगी में बाउंड्रीवॉल निर्माण कार्य कराया जाएगा। इस निर्माण कार्य का भूमिपूजन आगामी 6 नवंबर 2026, शुक्रवार को दोपहर 1 बजे आयोजित किया जाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य एवं यांत्रिकी विभाग की मंत्री एवं क्षेत्र की वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्रीमती संपतिया उइके मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडला लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते करेंगे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत मंडला के अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री प्रफुल्ल मिश्रा एवं क्षेत्रीय जनपद सदस्य श्री प्रकाश पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
विद्यालय में बाउंड्रीवॉल निर्माण होने से स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में भी मदद मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय शैक्षणिक संस्थानों की बुनियादी सुविधाओं का विकास शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के आयोजक ग्राम पंचायत सिलगी से सरपंच संतराम उइके उपसरपंच मनोज पटेल सचिव सुनील साहू तथ समस्त पंचगण, ने क्षेत्रवासियों एवं गणमान्य नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर भूमिपूजन समारोह की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।

