खड़े ट्राला में पीछे से घुसा 12 चक्का ट्रक, केबिन में फंसा चालक; दो घंटे चला रेस्क्यू
अहमदपुर चौराहे पर भीषण हादसा, चालक के पैर में गंभीर चोट; जिला अस्पताल मंडला रेफर
दैनिक रेवाँचल टाईम्स - मंडला। अंजनियां चौकी क्षेत्र के अहमदपुर चौराहे पर बुधवार सुबह सड़क किनारे खड़े 22 चक्का ट्राला में पीछे से आ रहा 12 चक्का ट्रक जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में ही फंस गया। हादसे के बाद पुलिस, एनएचएआई की टीम और स्थानीय लोगों ने करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक को बाहर निकाला।
केबिन से बाहर निकालने के बाद घायल चालक को प्राथमिक उपचार दिया गया। पैर में गंभीर चोट होने के कारण उसे आगे के इलाज के लिए जिला अस्पताल मंडला रेफर किया गया।
रात डेढ़ बजे खराब हुआ था ट्राला
जानकारी के अनुसार, 22 चक्का ट्राला क्रमांक RJ 11 GB 8562 रायपुर से तार के बंडल लेकर भिवाड़ी, राजस्थान जा रहा था। रात करीब डेढ़ बजे अहमदपुर चौराहे के पास वाहन का एक पार्ट खराब हो गया। इसके बाद चालक राकेश कुमार, निवासी अलवर ने ट्राला सड़क किनारे खड़ा कर दिया। बताया गया कि सुरक्षा के लिए वाहन के आगे और पीछे संकेतक भी लगाए गए थे।
सुबह पीछे से जा भिड़ा ट्रक
बुधवार सुबह रायपुर की ओर से मंडला जा रहा 12 चक्का ट्रक क्रमांक MP 20 ZS 3762 खड़े ट्राला के पीछे जा भिड़ा। टक्कर के दौरान ट्राला चालक राकेश कुमार ने किसी तरह वाहन से निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन ट्रक चला रहे इंद्रजीत पटेल, निवासी मैहर को संभलने का मौका नहीं मिला और वह क्षतिग्रस्त केबिन के अंदर फंस गए।
दो घंटे की मशक्कत के बाद निकाला चालक
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही अंजनियां चौकी पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे चालक को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। ट्रक के दबे और क्षतिग्रस्त हिस्सों को हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो घंटे के प्रयास के बाद चालक इंद्रजीत पटेल को बाहर निकाला जा सका।
घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल मंडला रेफर किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और दोनों वाहनों की स्थिति को लेकर जांच कर रही है।
