धान पंजीयन के लिए भटक रहे किसान, डीठोरी खरीदी केंद्र में अव्यवस्थाओं से बढ़ी परेशानी
ऑपरेटर की अनियमित उपस्थिति और पंजीयन में लापरवाही के आरोप, किसानों ने की नए ऑपरेटर की नियुक्ति की मांग
दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला। जिले में धान खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन कार्य जारी है, लेकिन नैनपुर तहसील के अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति (लैम्प्स) परसवाड़ा से संबंधित डीठोरी धान खरीदी केंद्र में अव्यवस्थाओं के कारण किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बड़ी संख्या में किसान पंजीयन कराने पहुंच रहे हैं, लेकिन ऑपरेटर की कथित अनियमित उपस्थिति और पंजीयन कार्य में लापरवाही के कारण उन्हें बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
कभी ऑपरेटर मौजूद, कभी केंद्र से नदारद
किसानों का आरोप है कि केंद्र पर नियुक्त ऑपरेटर नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहता। कभी ऑपरेटर केंद्र पर मिलता है तो कभी अनुपस्थित रहने के कारण किसानों का काम अटक जाता है। पंजीयन कार्य भी व्यवस्थित ढंग से नहीं किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे दूर-दराज से आने वाले किसानों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है।
पंजीयन में देरी से बढ़ रही किसानों की चिंता
धान खरीदी के लिए पंजीयन महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। किसानों का कहना है कि उन्हें अपने जरूरी काम छोड़कर केंद्र पहुंचना पड़ता है, लेकिन पंजीयन समय पर नहीं होने से निराश होकर लौटना पड़ता है। किसानों ने व्यवस्था में तत्काल सुधार की आवश्यकता जताई है।
वर्तमान ऑपरेटर को हटाकर दूसरे की नियुक्ति की मांग
किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि डीठोरी धान खरीदी केंद्र में पंजीयन कार्य की जांच कराई जाए। वर्तमान ऑपरेटर को हटाकर दूसरे जिम्मेदार ऑपरेटर की नियुक्ति की जाए, ताकि पंजीयन कार्य समय पर और सुचारु रूप से पूरा हो सके।
अब सवाल यह है कि संबंधित विभाग के अधिकारी किसानों की शिकायतों पर कब ध्यान देंगे और पंजीयन केंद्र की अव्यवस्थाओं को दूर करने के लिए क्या कार्रवाई करेंगे।
