Breaking

revanchal times new

घुघरी में देर रात बाइक हादसा: 25 वर्षीय युवक की मौत, दो साथी घायल

घुघरी में देर रात बाइक हादसा: 25 वर्षीय युवक की मौत, दो साथी घायल

सामाजिक कार्यक्रम से लौट रहे थे तीनों युवक; लाटो के पास हुआ हादसा, परिजनों ने अज्ञात वाहन से टक्कर की जताई आशंका

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला। मंडला जिले के घुघरी थाना क्षेत्र में देर रात हुए बाइक हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। मृतक की पहचान घुघरी निवासी संदीप उइके के रूप में हुई है। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर सामाजिक कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे।



रात करीब 2 बजे लाटो के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार संदीप अपने दो दोस्तों के साथ सलवाह में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम के बाद तीनों बाइक से घुघरी की ओर लौट रहे थे। रात करीब 2 बजे लाटो के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को घुघरी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। संदीप की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल मंडला रेफर किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने जताई अज्ञात वाहन से टक्कर की आशंका

प्रारंभिक जानकारी में बाइक के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है, जबकि मृतक के परिजनों का कहना है कि दुर्घटना किसी अज्ञात वाहन से टक्कर के कारण हुई हो सकती है। ऐसे में हादसे की वास्तविक वजह को लेकर पुलिस जांच महत्वपूर्ण हो गई है।

पुलिस कर रही हादसे के कारणों की जांच

पुलिस घायल युवकों और स्थानीय लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। हादसा बाइक के अनियंत्रित होने से हुआ या किसी अन्य वाहन की टक्कर से, इसकी वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

युवा संदीप की मौत से परिजनों में शोक का माहौल है। वहीं हादसे में घायल दोनों युवकों का उपचार कराया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new