श्रेया खंडेलवाल और नायरा दुबे का सम्मान, गीतों से गूंजा साउथ एवेन्यू मॉल
सैम सीनियर सिटीजन क्लब ने पगड़ी, पुष्पगुच्छ और उपहार देकर किया सम्मानित; स्वच्छता, रक्तदान, अंगदान और देहदान का दिया संदेश
दैनिक रेवाँचल टाईम्स – जबलपुर। सैम सीनियर सिटीजन क्लब ने राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता एवं स्वच्छता अभियान की ब्रांड एंबेसडर श्रेया खंडेलवाल तथा तेजी से उभरती 7 वर्षीय बाल कलाकार नायरा दुबे का पगड़ी, पुष्पगुच्छ, माला और विभिन्न उपहारों के साथ गर्मजोशी से सम्मान किया।
साउथ एवेन्यू मॉल में जादूगर एस.के. निगम के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सचिव असीम द्विवेदी, वरिष्ठ अधिवक्ता पंकज दुबे, जबलपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स के दीपक सेठी, जसवीर चोपड़ा, रश्मि श्रीवास्तव, प्रेम वर्मा, मैडम राणा, आई.के. अग्रवाल, सुनीता जायसवाल और आरती जायसवाल सहित अन्य सदस्यों ने दोनों प्रतिभाओं को सम्मानित किया।
श्रेया खंडेलवाल ने अपने उद्बोधन में स्वच्छता, रक्तदान, अंगदान और देहदान जैसे सामाजिक सरोकारों के महत्व और आवश्यकता पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने समाज में जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम का खास आकर्षण सात वर्षीय बाल कलाकार नायरा दुबे की गायन प्रस्तुति रही। नायरा के गीतों ने हॉल को तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान कर दिया। इतनी कम उम्र में सुरों पर उनकी पकड़, भावप्रवणता और आत्मविश्वास ने उपस्थित लोगों को खासा प्रभावित किया।
क्लब सदस्यों ने भी बांधा समां
क्लब के सदस्यों विंग कमांडर चंदन शर्मा, विजय श्रीवास्तव, ऋषि रैकवार, सुनीता मेहंदीरत्ता, रमेश पंडित, प्रमोद जैन, दिनेश स्थापक, आचार्य मैडम और मंजू इंगले सहित अन्य सदस्यों ने सुमधुर गीतों की रंगारंग प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन नीरज शुक्ला ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सेवानिवृत्त एसपी गोपाल खंडेल ने किया। सम्मान, सामाजिक संदेश और संगीत से सजे इस आयोजन ने उपस्थित लोगों के लिए यादगार माहौल बनाया।
