जबलपुर रेलवे स्टेशन पर महिला के थैले से 5.342 किलो गांजा बरामद
पांच पैकेट में मिला गांजा, अनुमानित कीमत 1.33 लाख रुपये; जीआरपी ने NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
दैनिक रेवाँचल टाईम्स - जबलपुर। त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशन पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए जीआरपी द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान में बुधवार सुबह एक महिला के कब्जे से 5.342 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 1 लाख 33 हजार 550 रुपये है।
प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध अवस्था में दिखी महिला
पुलिस के अनुसार 7 अक्टूबर 2026 की सुबह रेलवे स्टेशन जबलपुर के प्लेटफॉर्म क्रमांक 2 और 3 के इटारसी एंड पर जीआरपी की टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक महिला संदिग्ध अवस्था में नजर आई। उसकी गतिविधियों को संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम बैदेही बाई पति सुजीत शिल्पी, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम चैनपुर, थाना बाड़ी, जिला रायसेन बताया। पुलिस के मुताबिक वर्तमान में वह गौड़ढाबा दुलमपुर, थाना आताबेरा, जिला बरगढ़, उड़ीसा में रह रही थी।
महिला के पास मौजूद कपड़े के थैले की तलाशी के दौरान सफेद कपड़े में लिपटे पांच पैकेट मिले। जांच करने पर पुलिस ने पैकेटों में गांजा होना बताया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर कुल मात्रा 5.342 किलोग्राम पाई गई।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
जीआरपी ने गांजे के पांचों पैकेट विधिवत जब्त कर महिला के खिलाफ थाना जीआरपी जबलपुर में धारा 8 एवं 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही मामले से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
त्योहारों को लेकर रेलवे स्टेशन पर बढ़ाई गई चेकिंग
पुलिस अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की लगातार जांच की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर सुंदर सिंह कनेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल आशुतोष मिश्रा और उप पुलिस अधीक्षक रेल अंकिता सुल्या के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के नेतृत्व में की गई।
थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत, एएसआई बीसी उद्दे, प्रधान आरक्षक अरुण तिवारी, मनोज मिश्रा, परशुराम, रविकांत, गोपाल, सत्येंद्र, अजय तिवारी, राजेंद्र मरकाम, सागर उपाध्याय तथा महिला आरक्षक वर्षा दुबे और मनीषा कार्रवाई में शामिल रहे।
