"एक ही स्थान पर शिक्षक सम्मान समारोह और जन सुरक्षा सृजन संवाद कार्यक्रम का आयोजन"
दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग। शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदीपन संस्था द्वारा उत्कृष्ट विद्यालय बजाग के सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी हाल में पुलिस विभाग द्वारा विद्यार्थियों की सामाजिक सुरक्षा एवं बाल संरक्षण को लेकर जन सुरक्षा सृजन संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। दोनों कार्यक्रमों में उत्कृष्ट एवं मॉडल विद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित शिक्षक, पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय पत्रकार बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, शहपुरा एसडीओपी अजय तिवारी, बजाग एसडीओपी विवेक गौतम, थाना प्रभारी नरेंद्र पॉल, प्रभारी परियोजना अधिकारी पुष्पलता मरावी, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य बीएस पंद्राम, मॉडल विद्यालय के प्राचार्य प्रहलाद झारिया, आरएमएसए कन्या छात्रावास अधीक्षिका रामप्यारी जैतवार, वरिष्ठ शिक्षक बुधराम मरावी सहित प्रदीपन संस्था के कार्यकर्ता मनसुख टंडिया एवं सुदर्शन आंध्रवान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों के स्वागत और सम्मान के साथ हुई। प्रदीपन संस्था द्वारा उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य एवं वरिष्ठ शिक्षक बीएस पंद्राम का विशेष रूप से सम्मान किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
*शिक्षा के साथ बाल संरक्षण पर भी हुई चर्चा*
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व और शिक्षक की भूमिका के साथ-साथ बाल अधिकार एवं बाल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। प्रदीपन संस्था के प्रतिनिधियों ने बाल विवाह की रोकथाम को लेकर विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उन्हें शिक्षा से जोड़ना और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
वहीं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने जन सुरक्षा सृजन संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को उनकी सुरक्षा, कानून, अधिकार तथा किसी भी विपरीत परिस्थिति में सहायता लेने के तरीकों की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में परिवार, विद्यालय और समाज की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
*योजनाओं और अधिकारों की दी जानकारी*
महिला एवं बाल विकास परियोजना विभाग की ओर से भी बाल संरक्षण तथा बच्चों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं और प्रावधानों की जानकारी विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को दी गई। कार्यक्रम में भी बाल विवाह की रोकथाम और बाल संरक्षण के मुद्दों को समाज के सामने लाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए गए।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट एवं मॉडल विद्यालय के छात्र-छात्राओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। एक ही हाल में आयोजित दोनों कार्यक्रमों के माध्यम से जहां शिक्षक दिवस पर शिक्षकों के योगदान का सम्मान किया गया, वहीं विद्यार्थियों को शिक्षा, सुरक्षा, बाल अधिकार और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
प्रदीपन संस्था का उद्देश्य शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करना तथा विद्यार्थियों को जागरूक करना , तथा पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षित, शिक्षित और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए छात्रों छात्राओं को जागरूक करना रहा।
.jpeg)

