दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग, कलेक्टर डिंडौरी के मार्गदर्शन में व सहायक आयुक्त के निर्देशन में सक्षम कार्यक्रम अंतर्गत जनजातीय कार्य विभाग, जिला डिंडौरी के अंतर्गत सक्षम कार्यक्रम द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, बजाग में करियर जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर चंद्रशेखर धुर्वे जी एवं महिला एवं बाल विकास अधिकारी पुष्पलता धुर्वे जी व नेहरू युवा केंद्र जिला अधिकारी आर.पी. कुशवाहा जी व बी.ए.सी दीपेंद्र सिंह चौहान की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य बलवीर सिंह मरावी, सक्षम कार्यक्रम के जिला प्रबंधक महारन प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रबंधक अमित शुक्ला, मास्टर ट्रेनर पुष्पेंद्र रज्जक एवं शिवानी साहू तथा विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों के सम्मान एवं अभिनंदन के साथ हुई। वक्ताओं ने विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा प्रदान करने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य के मार्गदर्शक भी होते हैं।
वही जिला प्रबंधक महारन प्रताप सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में करियर के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और लक्ष्य को पहचानकर सही दिशा में निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सक्षम कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जागरूक, आत्मविश्वासी एवं अपने भविष्य के निर्माण के लिए सक्षम बनाना है।
कार्यशाला में छात्राओं को विभिन्न करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास एवं स्वास्थ्य एवं जीवन कौशल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए करियर से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे।
मुख्य अतिथि श्रीमती पुष्पलता धुर्वे ने छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहते हुए शिक्षा एवं व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। वहीं ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर द्वारा स्वास्थ्य एवं जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
विद्यालय प्राचार्य बलवीर सिंह मरावी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डाला तथा सक्षम कार्यक्रम की पहल की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन छात्राओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर “सीखने, आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने” के संकल्प के साथ किया गया।
.jpeg)
