दैनिक रेवाँचल टाईम्स - मंडला। 5 सितंबर शिक्षक दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब मंडला द्वारा तनख्वाह मेमोरियल स्कूल की शिक्षिकाओं के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दिव्यांग बच्चों को शिक्षा देने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए समर्पण, धैर्य और जुझारूपन के साथ कार्य कर रही शिक्षिकाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए धन्यवाद देते हुए सम्मानित किया गया।
वही कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब के आधिकारिक विभाग की ओर से विशेष रूप से जारी किए गए प्रशंसा प्रमाण पत्र शिक्षिकाओं को प्रदान किए गए। इन प्रमाण पत्रों का उद्देश्य उन शिक्षकों के कार्य को सम्मान देना है, जो नियमित शिक्षण कार्य के साथ बच्चों के लिए अतिरिक्त प्रयास करते हुए उनकी विशेष आवश्यकताओं को समझकर उन्हें आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इनर व्हील क्लब की प्रेसिडेंट अनीता गोयल ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के साथ कार्य करना केवल शिक्षण का कार्य नहीं, बल्कि धैर्य, संवेदनशीलता और निरंतर समर्पण की मांग करता है। उन्होंने कहा कि तनख्वाह मेमोरियल स्कूल की शिक्षिकाएं बच्चों को पढ़ाने के साथ उनके आत्मविश्वास, प्रतिभा और व्यक्तित्व विकास के लिए जिस तरह मेहनत कर रही हैं, वह वास्तव में सराहनीय है। शिक्षक दिवस के अवसर पर इन शिक्षिकाओं को सम्मानित करना उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे शिक्षकों के योगदान को सामने लाना और उनका उत्साह बढ़ाना आवश्यक है।
इस कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग बच्चों ने भी अपने हाथों से बनाए गए सुंदर कार्ड इनर व्हील क्लब की प्रेसिडेंट, सेक्रेटरी एवं आईएसओ को भेंट किए। बच्चों द्वारा स्वयं तैयार किए गए इन कार्डों ने कार्यक्रम को भावनात्मक और यादगार बना दिया।
शिक्षिकाओं के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए प्रमाण पत्रों के साथ सभी शिक्षिकाओं को उपहार देकर भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर इनर व्हील क्लब की प्रेसिडेंट अनीता गोयल, सरिता इसरानी, अनीता राय, नीता डोंगरे सहित विद्यालय की सभी शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों के साथ समर्पणपूर्वक कार्य कर रही शिक्षिकाओं के प्रयासों को पहचान देना और उनका उत्साहवर्धन करना रहा।

