Breaking

revanchal times new

स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी का 102वां प्रकटोत्सव, परमहंसी गंगा आश्रम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

दैनिक रेवांचल टाइम्स | नरसिंहपुर / गोटेगांव

ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी का 102वां प्रकटोत्सव, परमहंसी गंगा आश्रम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

वेद मंत्रों के बीच अभिषेक, सहस्रार्चन, महाआरती और छप्पन भोग; विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद, गोटेगांव से निकली भव्य पालकी यात्रा

दैनिक रेवांचल टाइम्स | नरसिंहपुर/गोटेगांव। सनातन धर्म और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा के प्रमुख संत ब्रह्मलीन जगद्गुरु शंकराचार्य द्वीपीठाधीश्वर स्वामी श्री स्वरूपानंद सरस्वती जी महाराज का 102वां प्रकटोत्सव उनकी तपोस्थली परमहंसी गंगा आश्रम, झोतेश्वर सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया।

पुष्पांजलि अर्पित करने पहुंचे गुरु भक्त परमहंसी गंगा आश्रम में सुबह से धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चला, समाधि स्थल पर श्रद्धालुओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि

रोशनी और फूलों से सजा परमहंसी गंगा आश्रम

प्रकटोत्सव के अवसर पर परमहंसी गंगा आश्रम सहित महाराज श्री द्वारा स्थापित विभिन्न मंदिरों और आश्रम परिसरों को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया। मंदिरों में विराजित भगवती एवं अन्य देवी-देवताओं का पुष्पों और आकर्षक वस्त्रालंकारों से विशेष श्रृंगार किया गया।

सुबह से ही आश्रम में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे गुरु भक्तों ने महाराज श्री की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनका स्मरण किया।

वेद मंत्रों से अभिषेक, फिर महाआरती और छप्पन भोग

समाधि मंदिर सहित आश्रम परिसर के विभिन्न मंदिरों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक, सहस्रार्चन एवं विशेष पूजन-अर्चन किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद महाआरती हुई और भगवान तथा पूज्य गुरुदेव को छप्पन भोग अर्पित किया गया।

दिनभर चला धार्मिक आयोजनों का सिलसिला ◆ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक ◆ सहस्रार्चन एवं विशेष पूजन ◆ भव्य महाआरती और छप्पन भोग ◆ प्रवचन, सत्संग और भजन-कीर्तन ◆ विशाल भंडारे में प्रसाद वितरण

विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

धार्मिक अनुष्ठानों के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आश्रम परिसर में प्रवचन, सत्संग और भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

गोटेगांव में निकली भव्य पालकी यात्रा

प्रकटोत्सव के अवसर पर गोटेगांव क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से श्री शिव भक्ति सत्संग मंडल के तत्वावधान में पूज्य गुरुदेव की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। यात्रा लठगांव होते हुए गोटेगांव पहुंची और यहां श्री देव ठाकुर बाबा मंदिर से होते हुए परमहंसी गंगा आश्रम की ओर रवाना हुई।

पालकी यात्रा के दौरान गुरु भक्तों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पालकी का स्वागत किया और पुष्प अर्पित कर गुरुदेव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

‘गुरु भक्ति’ के रंग में रंगा गोटेगांव पालकी यात्रा के दौरान धार्मिक जयघोष और भक्ति भाव से पूरा मार्ग आध्यात्मिक वातावरण में रंगा नजर आया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पालकी के दर्शन कर पुष्प अर्पित किए।

जनप्रतिनिधियों ने भी अर्पित की श्रद्धा

गोटेगांव में सरदार सिंह पटेल, विधायक महेंद्र नागेश एवं निधान पटेल ने पालकी में विराजित पूज्य गुरुदेव के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा अर्पित की और यात्रा को आगे के लिए रवाना किया।

पालकी यात्रा में अरविंद पटेल, मीनू राजपूत, आरती पटेल, राजकुमार पटेल, परम लाल पटेल, सत्य सिंह पटेल, गजराज पटेल, श्री पाल जी, अन्नीलाल पटेल, कोदू लाल ठाकुर, दशरथ ठाकुर सहित गोटेगांव तहसील क्षेत्र के बड़ी संख्या में गुरु भक्त शामिल रहे।

परमहंसी गंगा आश्रम में आस्था का महासंगम 102वें प्रकटोत्सव पर पूजन-अर्चन से लेकर पालकी यात्रा तक, गुरु भक्ति में डूबे श्रद्धालु

Post a Comment

Previous Post Next Post