प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु सभी विद्यार्थी मिट्टी के गणेश जी की स्थापना हेतु लोगों को करें जागरूक - विधायक डॉ अभिलाष पांडे ( आओ बनाए अपने हाथों अपने श्री गणेश जागरूकता सह प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न ).
दैनिक रेवाँचल टाईम्स - जबलपुर.-प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता सह प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन आज दिनांक 5 सितंबर 2026 को उत्तर मध्य क्षेत्र के माननीय विधायक डॉ. अभिलाष पांडे के मुख्यआतिथ्य में शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किया गया. इस प्रशिक्षण सह कार्यशाला का उद्देश्य समस्त परिवारों को जागरुक कर श्री गणेश उत्सव पर प्रत्येक परिवार को मिट्टी के गणेश जी स्थापित करने प्रेरित करना है. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती पूजन एवं वंदना के साथ हुआ. इस अवसर पर विधायक डॉ.अभिलाष पांडे ने कहा श्री गणेश उत्सव के पावन अवसर की तैयारी के लिये छात्राओं ने मिट्टी से भगवान श्री गणेश जी की सुंदर प्रतिमाएँ बनाकर महत्वपूर्ण संदेश दिया कि परंपरा भी निभाएँ और प्रकृति का भी संरक्षण करें।मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाएँ हमारी संस्कृति और पर्यावरण के बीच सुंदर समन्वय का प्रतीक हैं। प्राकृतिक सामग्री से बनी प्रतिमाओं का उपयोग कर हम जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने की दिशा में अपना योगदान दे सकते हैं। उन्होंने छात्राओं के द्वारा पूरे उत्साह और रचनात्मकता के साथ मिट्टी के गणेश जी बनाने की सराहना करते हुए कहा कि छोटी-सी पहल भी पर्यावरण संरक्षण की बड़ी मुहिम का हिस्सा बन सकती है.|साथ ही आज शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में अपना अमूल्य योगदान देने वाले सम्माननीय शिक्षकों का सम्मान कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला हैं, जो विद्यार्थियों को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी का पाठ भी पढ़ाते हैं. उन्होंने कहा कि हमारे विद्यार्थी इसी प्रकार अपनी संस्कृति, पर्यावरण और समाज के प्रति जागरूकता का संदेश देते रहें कि
“मिट्टी के गणेश अपनाएँ,
प्रकृति को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाएँ।” प्रकृति एवं पर्यावरण के संरक्षण के लिए सभी विद्यार्थी मिट्टी से बने हुए गणेश जी की स्थापना हेतु लोगों को जागरूक करें. विधायक श्री अभिलाष पांडे ने उपस्थितजनों को पर्यावरण संरक्षण हेतु मां नर्मदा को स्वच्छ रखने,पॉलिथीन का उपयोग न करने एवं पेड़ों की सुरक्षा हेतु संकल्प शपथ भी दिलाई. आज के जागरूकता सह प्रशिक्षण कार्यशाला में विशिष्ट अतिथि के रूप में संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर संभाग श्री घनश्याम सोनी उपस्थित रहे. नर्मदा समग्र न्यास से स्वराली मराठे, सुरभि रानडे के द्वारा विद्यार्थियों को मिट्टी के गणेश जी बनाने प्रशिक्षण दिया गया जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के द्वारा उत्साह पूर्वक सहभागिता कर मिट्टी के गणेश जी का निर्माण किया गया. कार्यक्रम में बीआरसी आरके उपाध्याय, प्रभारी प्राचार्य मंजूषा मैराल, बीएसी अजय रजक, आदित्य पचौरी, सुधीर अग्रवाल,विशंभर गर्ग के साथ-साथ बड़ी संख्या में शिक्षक छात्र उपस्थित उपस्थित रहे.

