Breaking

revanchal times new

रूपनाथ धाम में गूंजा ‘नंद के घर आनंद भयो’, जयकारों के बीच फूटी मटकी



जन्माष्टमी पर उमड़ा आस्था और उल्लास का सैलाब, आठ टीमों ने दिखाया दमखम, मरवारी बनी विजेता

दैनिक रेवांचल टाइम्स, बहोरीबंद। कटनी, भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी के पावन पर्व पर बहोरीबंद के प्रसिद्ध रूपनाथ धाम में भक्ति और उत्साह का ऐसा रंग जमा कि पूरा परिसर कृष्णमय नजर आया। हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण और भोलेनाथ के जयकारों के बीच आयोजित प्रतियोगिता में क्षेत्र की आठ टीमों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया।



 वही कार्यक्रम की शुरुआत भगवान भोलेनाथ एवं भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद मटकी का पूजन कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। मटकी फोड़ने के लिए जैसे ही टीमों ने मैदान में दमखम दिखाना शुरू किया, श्रद्धालुओं में उत्साह चरम पर पहुंच गया। तालियों, जयकारों और उत्साह के बीच प्रतियोगिता का रोमांच लगातार बढ़ता गया।

मरवारी टीम ने मारी बाजी, नगद पुरस्कार और कप से सम्मान

आठ टीमों के बीच हुए जोरदार मुकाबले में मरवारी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मटकी फोड़कर विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता टीम को आयोजन समिति की ओर से नगद पुरस्कार एवं कप प्रदान कर सम्मानित किया गया। जीत के बाद टीम के सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला।

श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने बढ़ाई आयोजन की रौनक

जन्माष्टमी के अवसर पर रूपनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। धार्मिक माहौल, कृष्ण भक्ति और मटकी फोड़ प्रतियोगिता के रोमांच ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की और मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आनंद लिया।

कार्यक्रम में आकांक्षा चतुर्वेदी एसडीओपी, सुदेश कुमार सुमन टीआई बहोरीबंद, नरेंद्र सैनी सरपंच तमुरिया, राकेश पटेल प्रदेश अध्यक्ष ओबीसी एवं रामनरेश यादव सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।

पुलिस प्रशासन और पत्रकारों का भी जताया आभार

आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों, अतिथियों और श्रद्धालुओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। समिति ने आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन तथा कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग के लिए पत्रकार बंधुओं का भी विशेष धन्यवाद किया।

इनकी रही आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका

मटकी फोड़ प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्य कृष्ण दत्त मिश्रा, महेंद्र सैनी, राजेश रजक, सुनील सैनी, मोनू रजक, सुमित सैनी, पुष्पराज ठाकुर एवं लाल सिंह पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रूपनाथ धाम में भक्ति, परंपरा और उल्लास के संगम ने जन्माष्टमी पर्व को खास बना दिया। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और मटकी फोड़ प्रतियोगिता के रोमांच के बीच देर तक उत्सव का माहौल बना रहा

Post a Comment

Previous Post Next Post