दैनिक रेवाँचल टाईम्स - डिंडौरी। मेहंदवानी थाना परिसर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आम लोगों और पक्षकारों को कानून, उनके अधिकारों तथा विवादों के आपसी सहमति से समाधान के लाभों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में व्यवहार न्यायालय शहपुरा के न्यायाधीश करनल सिंह श्याम मौजूद रहे। मेहंदवानी थाना प्रभारी गिरवर सिंह उइके सहित अधिवक्तागण और पुलिस अमला भी शामिल हुआ।
इस दौरान आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में भी लोगों को विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि लोक अदालत में आपसी सुलह एवं समझौते के माध्यम से प्रकरणों का निराकरण किया जा सकता है। इससे पक्षकारों के बीच आपसी सद्भाव बना रहता है और समय, धन व श्रम की बचत होती है। लोक अदालत का आदेश/अवार्ड अंतिम होता है तथा उसके विरुद्ध सामान्यतः अपील का प्रावधान नहीं होता।
शिविर में पक्षकारों से अपील की गई कि वे 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में पहुंचकर आपसी सहमति से अपने प्रकरणों का निराकरण कराएं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा भी लोक अदालत को लेकर आमजन को जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम में अधिवक्ता दीपचंद साहू, निर्मल कुमार, अमित गुप्ता, कमल साहू, राजेन्द्र सोनी, विनय झारिया, राकेश अग्रवाल, गजाधर साहू, पत्रकार भीमशंकर साहू, शारदा नामदेव सहित व्यवहार न्यायालय शहपुरा के लिपिक महेंद्र कुड़ापे, पक्षकार, ग्रामीण एवं पुलिस अमला मौजूद रहा।


