Breaking

revanchal times new

ABVP ने शिक्षक दिवस पर किया गुरुजनों का सम्मान, कहा - शिक्षक हैं राष्ट्र निर्माण की नींव



दैनिक रेवाँचल टाईम्स- डिंडौरी। आज शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, डिंडौरी इकाई द्वारा जिले के विभिन्न महाविद्यालय परिसरों में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परिषद के कार्यकर्ताओं ने सभी गुरुजनों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए पेन एवं डायरी भेंट कर उनका सम्मान किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव व्यक्त करना था।




यह कार्यक्रम प्रांत कार्यकारिणी सदस्य लक्ष्मण ठाकुर के नेतृत्व में संपन्न हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि वे समाज और राष्ट्र के निर्माण की मजबूत नींव भी हैं। एक शिक्षक अपने ज्ञान और संस्कारों से विद्यार्थियों के भविष्य को गढ़ता है और उन्हें एक अच्छा नागरिक बनाता है। गुरु का सम्मान करना वास्तव में राष्ट्र का सम्मान करना है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमेशा से ही गुरु-शिष्य परंपरा को बनाए रखने और शिक्षकों के सम्मान के लिए कार्य करता रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का यह छोटा सा प्रयास हम सभी विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। हमें अपने जीवन में हमेशा अपने गुरुओं का सम्मान करना चाहिए और उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलना चाहिए। इस दौरान विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्यों और प्राध्यापकों ने विद्यार्थी परिषद के इस प्रयास की सराहना की और विद्यार्थियों को उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post