Breaking

revanchal times new

मंडला ट्राइबल फॉर्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी की वार्षिक साधारण आम सभा आयोजित

 




किसानों को जैविक खेती, विभागीय योजनाओं और व्यावसायिक गतिविधियों की दी गई जानकारी

दैनिक रेवांचल टाइम्स | मंडला ट्राइबल फॉर्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की वार्षिक साधारण आम सभा का आयोजन 5 सितंबर  को पौड़ी गोदाम में किया गया। कार्यक्रम में कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स, अंशधारकों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। आम सभा के दौरान कंपनी की वित्तीय एवं व्यावसायिक गतिविधियों की समीक्षा के साथ किसानों के हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में कंपनी के वित्तीय वर्ष 2025-26 के वित्तीय विवरणों को सभा के समक्ष प्रस्तुत किया गया। 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्तीय वर्ष के वित्तीय विवरणों के साथ बोर्ड की रिपोर्ट एवं ऑडिटर की रिपोर्ट पर भी सदस्यों ने विचार विमर्श किया। प्रस्तुत वित्तीय विवरणों के अनुमोदन एवं आवश्यक प्रक्रिया को लेकर सभा में चर्चा की गई।

नए निदेशकों की नियुक्ति पर चर्चा

वार्षिक साधारण सभा में कंपनी के निदेशक मंडल से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। विद्यमान निदेशकों के स्थान पर नए निदेशकों की नियुक्ति के संबंध में प्रस्ताव रखे गए तथा आवश्यक प्रस्ताव एवं संकल्प पारित किए गए। इसके अलावा कंपनी अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप सांविधिक लेखापरीक्षकों की नियुक्ति की पुष्टि को लेकर भी चर्चा हुई और आवश्यक संकल्प पारित किया गया। कंपनी के लाभांश की घोषणा के संबंध में भी सदस्यों के समक्ष विषय रखा गया तथा आवश्यक निर्णय लिया गया।

विभागीय योजनाओं की दी जानकारी

आम सभा में किसानों एवं सदस्यों को शासन की विभिन्न योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी भी दी गई। कृषि विभाग से उपस्थित खुरचे मैडम ने कृषि विभाग द्वारा किसानों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की। उन्होंने किसानों को उपलब्ध सुविधाओं और योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी दी।

इसी क्रम में उद्यानिकी विभाग से वरकड़े मैडम ने उद्यानिकी विभाग की योजनाओं और किसानों को उपलब्ध कराए जाने वाले लाभों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने किसानों को विभागीय योजनाओं से जुड़कर आधुनिक एवं लाभकारी कृषि गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

आजीविका से सुश्री संगीता मैडम ने महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से बचत के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने नियमित बचत से होने वाले आर्थिक लाभ तथा आजीविका विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपस्थित सदस्यों को दी।

प्रधान एनजीओ से ब्लॉक कोऑर्डिनेटर तिवारी मैडम ने ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं और उनके लाभों के बारे में सदस्यों को अवगत कराया। वहीं हेड ऑफिस भोपाल से उपस्थित शेख सर ने आशा संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की।

जैविक खेती को लेकर किया जागरूक

सभा में किसानों को जैविक खेती के महत्व और इससे होने वाले लाभों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। किसानों को खेती में जैविक पद्धतियों को अपनाने, मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने तथा कृषि उत्पादन को बेहतर बनाने के संबंध में जानकारी दी गई। जैविक खेती को किसानों की आय और टिकाऊ कृषि व्यवस्था से जोड़ते हुए इसके महत्व पर चर्चा की गई।

आगामी कार्ययोजना पर मंथन

कंपनी के सचिव द्वारा कंपनी के वित्तीय दस्तावेज, व्यापार संबंधी अभिलेख एवं संधारित आंकड़े सभा के समक्ष प्रस्तुत किए गए। कंपनी की वर्तमान व्यावसायिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी व्यापारिक कार्ययोजना पर भी अंशधारकों के साथ चर्चा की गई। किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने, कंपनी के व्यवसाय को विस्तार देने और गतिविधियों को और अधिक मजबूत बनाने के संबंध में सदस्यों ने अपने अनुभव, सुझाव एवं विचार साझा किए।

आम सभा में किसानों एवं अंशधारकों की भागीदारी के साथ कंपनी के भविष्य की दिशा को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, विभागीय प्रतिनिधियों, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स एवं सभी अंशधारकों का आभार व्यक्त किया गया। इसके साथ ही वार्षिक साधारण आम सभा का समापन किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post