सरपंच-सचिव और इंजीनियर पर टालमटोल का आरोप,
सीएम हेल्पलाइन शिकायत के बाद भी नहीं हुआ निराकरण
दैनिक रेवांचल टाईम्स - बजाग। ग्राम पंचायत भानपुर के पोषक ग्राम घुटई में कपिलधारा कूप निर्माण का मटेरियल भुगतान नहीं मिलने से हितग्राही का परिवार परेशान है। हितग्राही गंगा सिंह मरावी के पुत्र ने बताया कि वर्ष 2017-18 में उनके पिताजी के नाम से कपिलधारा कूप स्वीकृत हुआ था। निर्माण कार्य वर्ष 2020-22 के दौरान लगभग 90 प्रतिशत पूर्ण हो गया था। कुएं को पूरा कराने के लिए उन्होंने स्वयं के पैसे से निर्माण सामग्री खरीदी, लेकिन वर्षों बाद भी सामग्री का भुगतान नहीं किया गया।
हितग्राही के अनुसार मटेरियल भुगतान के लिए कई बार ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव और संबंधित इंजीनियर से गुहार लगाई गई, लेकिन हर बार आश्वासन देकर वापस कर दिया गया। इसी बीच हितग्राही गंगा सिंह मरावी की मृत्यु हो गई। इसके बाद उनके पुत्र ने भुगतान प्राप्त करने के लिए पंचायत कार्यालय के चक्कर लगाए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
निराश होकर परिजनों ने विगत वर्ष सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद सरपंच-सचिव द्वारा भुगतान कराने का भरोसा देकर शिकायत बंद करा दी गई, लेकिन इसके बाद भी राशि का भुगतान नहीं किया गया।
मामले को लेकर हितग्राही परिवार ने जनपद पंचायत कार्यालय में अधिकारियों को अवगत कराया है। जनपद सीईओ ने उन्हें आश्वासन दिया है कि बैठक में संबंधित कर्मचारियों की मौजूदगी में मामले पर चर्चा कर भुगतान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
छह वर्ष बीत जाने के बाद भी मजदूर और सामग्री का भुगतान लंबित रहने से शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि अधिकारी स्तर से हितग्राही को कब तक राहत मिलती है।
