डोलोमाइट का अवैध परिवहन पड़ा भारी, खनिज विभाग ने ट्रैक्टर-ट्रॉली की जब्त
कलेक्टर के निर्देश पर सौंसर क्षेत्र में आकस्मिक निरीक्षण, रेमण्ड-बोरगांव मार्ग पर पकड़ा गया वाहन; प्रकरण जुर्माने के निर्णय के लिए कलेक्टर न्यायालय में होगा प्रस्तुत
रेवांचल टाइम्स, छिंदवाड़ा। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत सौंसर क्षेत्र में डोलोमाइट का कथित अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया है।
खनिज विभाग के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को विभागीय दल ने तहसील सौंसर के विभिन्न क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इसी दौरान रेमण्ड-बोरगांव मार्ग पर ट्रैक्टर क्रमांक MH40BE7589 मय ट्रॉली डोलोमाइट का परिवहन करते मिला। जांच के बाद विभाग ने खनिज नियमों के प्रावधानों के तहत वाहन पर कार्रवाई की।
डोलोमाइट सहित वाहन शासकीय अभिरक्षा में
विभागीय जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर-ट्रॉली को डोलोमाइट सहित जब्त कर पुलिस थाना लोधीखेड़ा परिसर में शासकीय अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। अवैध परिवहन के संबंध में खनिज विभाग द्वारा नियमानुसार प्रकरण भी दर्ज किया गया है।
प्रकरण में नियमानुसार जुर्माना राशि अधिरोपित किए जाने संबंधी निर्णय के लिए मामला कलेक्टर न्यायालय, पांढुर्णा के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।
अवैध उत्खनन-परिवहन पर विभाग की नजर
प्रशासन के अनुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम के लिए निरीक्षण और कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत सौंसर क्षेत्र में आकस्मिक जांच की गई थी।
कार्रवाई के दौरान सहायक खनि अधिकारी महेश नगपुरे सहित खनिज विभाग का संयुक्त अमला मौजूद रहा।
स्थानीय खबरें • प्रशासन • कार्रवाई • छिंदवाड़ा
