दशहरा मैदान से पुलिस ग्राउंड तक देशभक्ति के नारों के साथ जन-जागरूकता रैली
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा|'हर घर तिरंगा' अभियान के अंतर्गत शहर में देशभक्ति का अनूठा जज्बा देखने को मिला। विद्या भूमि पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने आजादी के अमृतकाल में जन-जन के मन में राष्ट्रप्रेम की अलख जगाने के उद्देश्य से एक भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा निकाली। 09 से 17 अगस्त तक आयोजित हो रहे 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत निकली इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में ससम्मान तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना था।
शहीद मेजर अमित ठेंगे को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
यह भव्य यात्रा दशहरा मैदान से राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ प्रारंभ हुई। देशभक्ति के रंग में रंगे छात्र-छात्राएं और शिक्षक हाथ में तिरंगा थामे आगे बढ़ते रहे। यात्रा अनगढ़ हनुमान मंदिर चौक, फव्वारा चौक, इंदिरा तिराहा से होती हुई मानसरोवर कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित शहीद मेजर अमित ठेंगे स्मृति चौक पहुंची। यहाँ वीर शहीद मेजर अमित ठेंगे की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें शत-शत नमन किया गया एवं भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। तत्पश्चात यह तिरंगा यात्रा पुलिस ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई।
देशभक्ति के नारों से गुंजायमान हुआ मार्ग
रैली के दौरान हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे विद्यार्थियों और शिक्षकों के उत्साह ने पूरे मार्ग को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। भारत माता की जय और "वंदे मातरम" के गगनभेदी नारों से पूरा शहर गूंज उठा। सड़क के दोनों ओर खड़े नागरिकों ने भी तालियाँ बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
मार्गदर्शन एवं मुख्य उपस्थिति
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर लोगों में देश प्रेम और भारतीय सेना के प्रति सम्मान की भावना को और प्रगाढ़ करने के लिए इस रैली का सफल आयोजन किया गया।
मार्गदर्शक विद्यालय चेयरमैन डॉ. शेषराव यादव, प्रशासिका डॉ. विजया यादव एवं तकनीकी निदेशक विशेष यादव।
उपस्थिति: विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं।
विद्यालय प्रबंधन का संदेश
"तिरंगा हमारे देश की शान और स्वाभिमान का प्रतीक है। इस यात्रा के माध्यम से हमारी नई पीढ़ी में देशप्रेम के संस्कार प्रबल होंगे और नागरिक स्वतंत्रता दिवस पर गर्व से अपने घरों में तिरंगा लहराएंगे।



