रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा|जिले के उत्कृष्ट बैडमिंटन खिलाड़ियों ने जिला बैडमिंटन संघ के सचिव एवं कोच जावेद खान के नेतृत्व में कलेक्टर से उनके कक्ष में विशेष मुलाकात की। इस दौरान कलेक्टर ने खिलाड़ियों की खेल उपलब्धियों, प्रशिक्षण एवं आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।
कलेक्टर ने खिलाड़ियों से आगामी प्रतियोगिताओं के लिए की जा रही तैयारियों और नियमित अभ्यास को लेकर चर्चा की। खिलाड़ियों की बेहतर तैयारी एवं प्रशिक्षण के लिए आवश्यक संसाधनों की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। कलेक्टर के इस सहयोगात्मक रुख से खिलाड़ियों में उत्साह का संचार हुआ।
इस अवसर पर कलेक्टर ने जिले के उत्कृष्ट खिलाड़ियों में से बालिका वर्ग में जहान्वी विश्वकर्मा, तनिष्का विश्वकर्मा, लक्ष्मी मार्को, मन्नत डोडानी, सुवेक्षा हीडाउ, आरना नागोत्रा एवं महिमा यादव तथा बालक वर्ग में अश्वंत मार्को, कुशाग्र पटेल, भविष्य सूर्यवंशी, जय राजपूत, आलोक अग्रवाल, अंश अग्रवाल, ध्रुव डोडानी एवं पार्थ चौकसे को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
खिलाड़ियों ने इस आत्मीय सम्मान के लिए कलेक्टर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि इसी प्रकार उनका आशीर्वाद, सहयोग एवं मार्गदर्शन मिलता रहा तो वे पूरी मेहनत और लगन के साथ खेलते हुए छिंदवाड़ा जिले का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का प्रयास करेंगे।
मुलाकात के दौरान जिला बैडमिंटन संघ के सचिव एवं कोच जावेद खान ने खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास, प्रशिक्षण व्यवस्था तथा जिले में खिलाड़ियों की प्रतिभाओं को निखारने के लिए आयोजित किए जाने वाले टूर्नामेंटों में आने वाली समस्याओं और आवश्यकताओं से कलेक्टर महोदय को अवगत कराया। कलेक्टर ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जावेद खान के विशेष सहयोगी एवं जिला बैडमिंटन संघ के कोषाध्यक्ष तरुण विश्वकर्मा भी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर द्वारा खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने तथा जिले की युवा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन दिया जाता रहा है। खिलाड़ियों से सीधे संवाद कर उनकी उपलब्धियों, आवश्यकताओं और आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारियों की जानकारी लेना खेल प्रतिभाओं के लिए उत्साहवर्धक पहल है। प्रशासन के सहयोग और जिला बैडमिंटन संघ के निरंतर प्रयासों से जिले के खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए नई ऊर्जा मिल रही है।

.jpeg)
