138 एनआई एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था आरोपी, न्यायालय निवास में किया पेश
दैनिक रेवांचल टाइम्स – मंडला। पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन में मंडला पुलिस द्वारा फरार आरोपियों एवं स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना टिकरिया पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने करीब तीन वर्षों से फरार चल रहे स्थाई वारंटी को जबलपुर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पी.एस. वालरे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी टिकरिया प्रदीप पांडेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने दिनांक 8 अगस्त 2026 को कार्रवाई करते हुए दिनेश पिता रमेश साहू, निवासी ग्राम पड़रिया, थाना टिकरिया, जिला मंडला को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध प्रकरण क्रमांक 626/20, धारा 138 एनआई एक्ट के तहत मामला दर्ज था और वह लंबे समय से न्यायालयीन कार्रवाई से फरार चल रहा था। आरोपी के विरुद्ध स्थाई वारंट जारी था। पुलिस ने उसे जबलपुर से गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय निवास में पेश किया।
साइबर टीम की मदद से पहुंची पुलिस
स्थाई वारंटी की गिरफ्तारी में पुलिस टीम के साथ साइबर आरक्षक की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। पुलिस के अनुसार वारंटी की तलाश और गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अभिषेक मिश्रा, आरक्षक दीपक द्विवेदी, आरक्षक अमित सुरेखिया एवं साइबर आरक्षक सूर्यचंद बघेल की अहम भूमिका रही।
वही टिकरिया पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। पुलिस द्वारा ऐसे फरार आरोपियों एवं स्थाई वारंटियों की तलाश लगातार जारी रखने की बात कही गई है।
