Breaking

revanchal times new

स्वामी शिवोम् तीर्थ कुंडलिनी महायोग आश्रम एवं दुर्गा मंदिर ट्रस्ट में आयोजित अखंड सत (100 ) बार हनुमान चालीसा सम्पन्न

 


अखंड सत ( 100 ) बार हनुमान चालीसा पाठ से गूंजा छिंदवाड़ा, सुंदरकांड, आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ भव्य धार्मिक आयोजन



रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा|धर्म और अध्यात्म की नगरी छिंदवाड़ा में रविवार, 23 अगस्त 2026 को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। साउथ सिविल लाइन, गुरैया रोड, कलेक्टर बंगले के समीप स्थित स्वामी शिवोम् तीर्थ कुंडलिनी महायोग आश्रम एवं दुर्गा मंदिर परिसर  के हनुमान मंदिर में अखंड सत ( 100 ) बार हनुमान चालीसा पाठ का भव्य धार्मिक आयोजन किया गया।

प्रातः 9 बजे से प्रारंभ हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान श्री हनुमान की आराधना की और पुण्य लाभ अर्जित किया।

आयोजन का शुभारंभ “श्री गणेशाय नमः, श्री गुरुभ्यो नमः, श्री जानकीवल्लभ्यो नमः, श्री रामदूताय नमः” के मंगलाचरण के साथ हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का सत (100) बार पाठ किया। लगातार गूंजते हनुमान चालीसा के पाठ से पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ पाठ में शामिल हुए।

संगीतमय सुंदरकांड पाठ और आरती ने बांधा भक्तिमय माहौल 

100 बार हनुमान चालीसा पाठ के पश्चात सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। सुंदरकांड के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम और पवनपुत्र हनुमान के जयकारे लगाए। इसके बाद विधि-विधान से आरती की गई। आरती के समय पूरा परिसर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोष से गूंज उठा। आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया।

स्वामी सदानंद तीर्थ ने बताया की धार्मिक मान्यता के अनुसार हनुमान चालीसा में सौ बार पाठ की महिमा का वर्णन मिलता है “जो सत बार पाठ कर कोई, छूटहि बंदि महा सुख होई।” इसी मान्यता के चलते श्रद्धालुओं में 100 बार हनुमान चालीसा पाठ को लेकर विशेष आस्था देखने को मिली। भक्तों का विश्वास है कि भगवान हनुमान के स्मरण और चालीसा पाठ से मन को शांति, आत्मबल तथा सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है और जीवन में आने वाली कठिनाइयों का सामना करने की शक्ति मिलती है। हनुमान भक्ति, सामूहिक चालीसा पाठ और सुंदरकांड के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा एवं भक्ति से जोड़ने के उद्देश्य से इस धार्मिक आयोजन का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से किए जाने वाले धार्मिक अनुष्ठानों से श्रद्धालुओं में आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ सामाजिक और धार्मिक एकता की भावना भी मजबूत होती है आयोजन में छिंदवाड़ा शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही आश्रम परिसर में भक्तों का आगमन शुरू हो गया था। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। हनुमान चालीसा पाठ, सुंदरकांड, आरती और प्रसाद वितरण के साथ धार्मिक आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के वातावरण में संपन्न हुआ।  इस भव्य धार्मिक कार्यक्रम ने एक बार फिर छिंदवाड़ा की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपरा को जीवंत किया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्री हनुमान से सुख, शांति, समृद्धि और सर्वकल्याण की कामना की। 


आज 24 अगस्त को रात्रि 8:30 से पवित्र सावन मास के चौथे सोमवार  के उपलक्ष्य मे भगवान शंकर जी का गन्ने व फलो के रसो से महारसाभिषेक (रसोदक स्नान ) महारुद्राभिषेक किया जायेगा। सभी धर्म प्रेमी इस आयोजन मे उपस्थित होकर पुण्यलाभ अर्जित कर सकते है l

Post a Comment

Previous Post Next Post