दैनिक रेवांचल टाईम्स - मंडला, 8 अगस्त 2026। देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद सिपाही स्व. हल्कू राम परते की स्मृति में उनके गृह ग्राम कूड़ादेवरी, पंचायत इमलीगोहान, जिला मंडला में श्रद्धांजलि एवं बलिदान दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 148वीं वाहिनी द्वारा आयोजित किया गया। कमांडेंट श्री आलोक वीर यादव, पी.एम.जी. के मार्गदर्शन में तथा उप कमांडेंट श्रीमती मनोरमा सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में CRPF जवानों और ग्रामीणों ने शहीद हल्कू राम परते को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहीद हल्कू राम परते वर्ष 1989 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में भर्ती हुए थे। पंजाब में तैनाती के दौरान 8 अगस्त 1991 को आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में उन्होंने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए राष्ट्र की सेवा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया और जवानों एवं ग्रामीणों ने सलामी दी। इस दौरान उनके बलिदान को याद करते हुए कहा गया कि राष्ट्र की सुरक्षा और अखंडता के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
कार्यक्रम में 148वीं वाहिनी के निरीक्षक मोहन दास बंजारे सहित CRPF जवान, ग्राम कूड़ादेवरी के सरपंच, सचिव और आसपास के गांवों के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य शहीद के बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक जीवंत रखना और उनके परिवार एवं ग्रामवासियों के प्रति सम्मान व कृतज्ञता व्यक्त करना रहा।


